धनबाद  की खबरें:-

Advertisements

धनबाद  की खबरें:-

प्रभारी प्रधानाध्यापक से 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण

डीजे न्यूज, धनबाद: विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों में लापरवाही बरतने और निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में धनबाद प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी धनबाद विधानसभा-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने राजकीय मध्य विद्यालय, पुटकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक भागीरथ कुमार को कारण बताओ नोटिस (स्पष्टीकरण) जारी किया है।

अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 11:45 बजे उन्होंने मतदान केंद्र संख्या-409 (मध्य विद्यालय पुटकी नया भवन पूर्वी भाग) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य गेट पूरी तरह से बंद पाया गया।

बताया कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार सभी ऐसे विद्यालय भवनों के गेट खुले रखने के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं, जहाँ मतदान केंद्र अवस्थित हैं, ताकि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) वहाँ बैठक कर एसआइआर से जुड़े निर्वाचन कार्यों का निष्पादन सुचारू रूप से कर सकें।

उन्होंने बताया कि गेट बंद होने के कारण मतदान केंद्र संख्या-409 की बीएलओ को मजबूरन पास के ही उच्च विद्यालय, पुटकी में बैठकर अपना कार्य करना पड़ रहा था। इस अव्यवस्था के कारण उक्त मतदान केंद्र के क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं को भी अपने काम कराने में काफी कठिनाइयों और परेशानियों का सामना करना पड़ा।

अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्य में इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने प्रभारी प्रधानाध्यापक से पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उनसे पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में उनके द्वारा निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय और महत्वपूर्ण कार्य में बाधा उत्पन्न की गई? निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में, उनके इस कृत्य की रिपोर्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त को भेजते हुए उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
————————————————
मादक पदार्थों के विरूद्ध निकाली प्रभात फेरी

धनबाद: निषिद्ध मादक पदार्थों के विरूद्ध 10 जून से 25 जून तक मनाए जाने वाले जागरुकता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय से प्रभात फेरी निकाली गई।

प्रभात फेरी का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ अलोक विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों एवं आमजनों को मादक पदार्थों एवं तम्बाकू से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कार्यालय परिसर में तम्बाकू सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित किया।

प्रभात फेरी में नोडल पदाधिकारी एनसीडी सेल धनबाद, आरसीएच पदाधिकारी धनबाद, सिविल सर्जन कार्यालय के स्वास्थ्य कर्मी, एएनएमटीसी नर्सिंग स्कूल, संत जेवियर्स इंटरनैशनल स्कूल ऑफ नर्सिंग, एसजेएएस कॉलेज ऑफ फारमसी, जेपी नर्सिंग स्कूल एवं धनबाद नर्सिंग स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
——————————————-
जिला परिषद और नगर निगम के बीच हुआ कोलैबोरेशन

जिला परिषद क्षेत्रों में जमे कचरे के ढेरों को साफ करेगी नगर निगम की टीम

 

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में बुधवार को एक बेहद सकारात्मक कदम उठाया गया है। जिला परिषद और नगर निगम ने आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विशेष कोलैबोरेशन (साझेदारी) किया है।

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि इस अनूठी पहल के तहत अब जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में बरसों से जमे कचरे के ढेरों को नगर निगम की टीम पूरी तरह साफ करेगी। इस अभियान के तहत आज बाघमारा प्रखंड के हरिना चौक से 18 टन कचरा उठाव किया गया।

गौरतलब है कि जिला परिषद के पास अपनी कोई सुदृढ़ साफ-सफाई व्यवस्था या पर्याप्त संसाधन (जैसे कचरा उठाने वाले वाहन और सफाई कर्मी) उपलब्ध नहीं थे। इस वजह से जिला परिषद के कई क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह कचरे का अंबार लग रहा था, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा था।

इस व्यावहारिक समस्या को समझते हुए दोनों विभागों ने हाथ मिलाया है। अब नगर निगम अपने आधुनिक संसाधनों, डंपर, और सफाई मित्रों की टीम को जिला परिषद के उन क्षेत्रों में भेजेगा जहां सफाई की नितांत आवश्यकता है।

इस कोलैबोरेशन से शहरी इलाकों के साथ-साथ अब धनबाद के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों का भी कायाकल्प होगा। कचरे के हॉटस्पॉट्स को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस सकारात्मक पहल का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा, उन्हें बदबू और गंदगी से मुक्ति मिलेगी और एक स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण का निर्माण होगा।

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि यह कदम धनबाद के हर नागरिक को बेहतर जीवन स्तर देने के लिए उठाया गया है। नगर निगम और जिला परिषद की टीमें मिलकर काम कर रही हैं। हम आम जनता से भी अपील करते हैं कि इस अभियान में हमारा सहयोग करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही फेंकें और धनबाद को नंबर-1 बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top