धनुडीह आउटसोर्सिंग परियोजना विस्तार को लेकर बवाल ग्रामीण और आउटसोर्सिंग कंपनी समर्थकों में भिड़ंत, मारपीट व फायरिंग से दहशत मौके पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह

Advertisements

धनुडीह आउटसोर्सिंग परियोजना विस्तार को लेकर बवाल

ग्रामीण और आउटसोर्सिंग कंपनी समर्थकों में भिड़ंत, मारपीट व फायरिंग से दहशत

मौके पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह

डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया के घनुडीह चीनकोठी बस्ती से सटे क्षेत्र में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार को लेकर बुधवार को जमकर बवाल हुआ। बस्ती के समीप ओवरबर्डन (ओबी) डंपिंग का विरोध कर रहे ग्रामीणों और कंपनी समर्थकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की घटना घटी। फायरिंग की भी बात सामने आ रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी द्वारा बस्ती के निकट ओबी डंप किया जा रहा था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विरोध के दौरान करीब 30 लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोगों को डराने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की गई। घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें ग्रामीण सुनील कुमार मंडल का हाथ टूटने की बात कही जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह तथा घनुडीह ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। मेयर ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की स्पष्ट आपत्ति के बावजूद बस्ती के समीप ओबी डंपिंग की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट किए जाने और फायरिंग की शिकायत मिली है। यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी। जब तक इस पूरे मामले पर प्रशासन, कंपनी प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ उच्चस्तरीय बैठक नहीं हो जाती, तब तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग अथवा किसी भी नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। ग्रामीणों की सुरक्षा और अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा।

मेयर ने यह भी कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं ग्रामीण सुनील कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा अवैध रूप से ओबी डंप किया जा रहा था। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के संबंध में सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top