गरीबी व अस्वस्थता की मार झेल रहे दिव्यांग को मिला स्वास्थ्य विभाग का साथ
बीडीओ के निर्देश पर एसएनएमएमसीएच में कराया भर्ती
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): गरीबी व अस्वस्थता की मार झेल रहे आमझर गांव के 25 वर्षीय दिव्यांग उज्जवल कालिंदी की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। बलियापुर बीडीओ प्रभाष चंद्र दास के निर्देश पर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलियापुर की टीम आमझर पहुंची। टीम ने उज्ज्वल को इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। दिव्यांग उज्ज्वल कालिंदी के माता-पिता का देहांत पूर्व में हो चुका है। बड़ा भाई निमाई कालिंदी मजदूरी कर परिवार चलता है। अत्यंत गरीब होने के कारण दिव्यांग उज्जवल का देखभाल ढंग से नहीं हो पा रहा था। वह काफी अस्वस्थ चल रहा था। वह जन्म से दिव्यांग है। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय की पंचायत सचिव मनीषा कुमारी, बलियापुर थाना के सअनि बीके यादव, पंचायत सहायक देवदीप दास, भाकपा माले के राजेश रविदास, गौरचंद मंडल समेत अनेक लोग थे।