डीआरएम से मिले विधायक राज, क्षेत्रहित एवं जनसुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर की चर्चा
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मंगलवार को धनबाद मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा से उनके कार्यालय में मुलाकात की। विधायक ने क्षेत्रहित एवं जनसुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक ने दानापुर–कोडरमा ट्रेन संख्या 13233/13234 को धनबाद तक विस्तारित करने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के धनबाद तक विस्तार होने से धनबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगी।
इसके साथ ही विधायक ने भूली क्षेत्र में रेलवे द्वारा निर्माणाधीन ओवरब्रिज कार्य के दौरान जोड़िया नदी में मिट्टी जमा हो जाने से जल के प्राकृतिक प्रवाह के अवरुद्ध होने की समस्या को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने डीआरएम को अवगत कराया कि नदी में मिट्टी जमा होने के कारण बीसीसीएल द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले जलापूर्ति पाइप पानी में डूबे हुए हैं, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है और स्थानीय लोगों को पेयजल संकट सहित कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने दोनों ही विषयों पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री मानस प्रसून, मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, निर्मल प्रधान एवं मनोज मालाकार भी उपस्थित रहे।