महिला एवं बाल विकास योजनाओं की हुई समीक्षा लंबित कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश

Advertisements

महिला एवं बाल विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

लंबित कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय‌ के सभागार में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास की विभिन्न योजनाओं एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन की समीक्षा हुई। अध्यक्षता डीडीसी सन्नी राज ने की। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं धनबाद सदर, गोविंदपुर, तोपचांची, टुंडी, बाघमारा, बलियापुर, झरिया तथा निरसा प्रखंड की महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

उप विकास आयुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, पोषण ट्रैकर एप पर समयबद्ध प्रविष्टि, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएम – जनमन, शक्ति सदन, वन स्टॉप सेंटर, पालना योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

उप विकास आयुक्त ने सभी लंबित कार्यों को अगले 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर सुधारात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति, समय पर सुबह का नाश्ता, पोषण संबंधी सेवाएं एवं एचसीएम अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित बैंक एवं एनपीसीआइ अनमैप्ड मामलों, लाभुकों के भुगतान में आ रही समस्याओं तथा विभिन्न तकनीकी त्रुटियों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान पोषण ट्रैकर एवं अन्य एप्स पर लापरवाही एवं धीमी प्रगति को लेकर कुछ महिला पर्यवेक्षिकाओं को फटकार भी लगाई गई।

बैठक में सभी प्रखंडों की महिला पर्यवेक्षिकाओं ने अपने – अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया। उप विकास आयुक्त ने समस्याओं के त्वरित समाधान एवं कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top