बलियापुर की खबरें:-
प्रतियोगिता के सफल विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): रूआर अभियान कार्यक्रम के समापन के मौके पर गुरुवार को उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खेरवाड़ी के बच्चों के बीच पुरस्कार वितरण किया गया। विद्यालय के प्रधान शिक्षक दिलीप कुमार गोप ने बताया कि इस अभियान के दौरान विद्यालय में निबंध, क्विज, भाषण, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। चयनित बच्चों को पुरस्कार के तौर पर कॉपी, पेंसिल प्रदान किया गया। मौके पर विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं माता समिति के सदस्य मौजूद थे।
——————————————–
प्रधानखंटा बंद रेलवे फाटक से छाताकुल्ही तक सड़क निर्माण को मिली स्वीकृति
बलियापुर: कई दशकों से उपेक्षित एवं जर्जर बलियापुर के छाताकुल्ही जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू होगी।
इस बाबत विधायक चंद्रदेव महतो ने बताया कि उक्त जर्जर सड़क के निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। निविदा निकालने के बाद उक्त सड़क पर पीसीसी निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। विधायक ने बताया कि डीएमएफटी फंड से एक करोड़ 95 लाख से भी अधिक लागत से उक्त सड़क का निर्माण होगा। जर्जर सड़क के निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति मिल जाने के बाद प्रधानखंटा एवं छाताकुल्ही के लोगों में हर्ष है।
बता दें कि प्रधानखंटा बंद रेलवे फाटक से छाताकुल्ही तक जाने वाली करीब 2 किलोमीटर रोड काफी जर्जर है। दशकों से ग्रामीण उक्त सड़क के निर्माण हेतु नेता, जनप्रतिनिधि एवं जिला के प्रशासनिक पदाधिकारी से गुहार लगाते रहे हैं। झारखंड राज्य बनने के बाद भी उक्त सड़क की स्थिति जस की तस बनी रही। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समय-समय पर उक्त जर्जर सड़क चुनावी मुद्दा भी बनता रहा है।
——————————————
शीतलपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मियों ने दी हड़ताल की चेतावनी
बलियापुर: मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेस 1 के शीतलपुर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मियों ने बकाया मानदेय की भुगतान की मांग को लेकर फिर एक बार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कर्मियों ने उप विकास आयुक्त को आवेदन देकर कहा है कि बकाया मानदेय का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के सभी कर्मी 3 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।
मालूम हो कि बीते एक साल से कर्मियों का मानदेय भुगतान नहीं हुआ है। इससे नाराज कर्मियों ने नवंबर महीना से हड़ताल कर दिया था। इस दौरान 4 महीने से भी अधिक समय तक योजना के फेस वन में जलापूर्ति ठप रहा। प्रशासनिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के पहल पर हुई समझौता वार्ता के बाद 7 अप्रैल से योजना फिर से चालू किया गया। कर्मियों को आश्वासन दिया गया था कि 20 अप्रैल तक उनका बकाया मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन समय सीमा पार होमे के बाद भी अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। अगर कर्मी फिर से हड़ताल पर चले गए तो इस भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए त्राहि त्राहि करने को मजबूर होंगे।