



विदाई समारोह में सतबरवा के 26 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित
डीजे न्यूज, पलामू : राजकीयकृत मध्य विद्यालय कासियाडीह के प्रांगण में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान सह विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार दुबे, महासचिव अमरेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रामानुज प्रसाद, उपमहासचिव विनय मांझी, संगठन मंत्री राजीव रंजन पांडे एवं पाटन प्रखंड के अध्यक्ष नागेश सहित हुसैनाबाद जपला से बड़ी संख्या में प्रखंड स्तर के पदाधिकारी एवं वरीय शिक्षक उपस्थित हुए।
कार्यक्रम में प्रखंड संसाधन केंद्र के बीपीओ मनोज तिवारी जी एवं उनके सहयोगियों की भी सहभागिता रही। इस दौरान सतबरवा प्रखंड के 26 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ राजकीयकृत मध्य विद्यालय कासियाडीह के प्रधानाध्यापक गोविंद प्रसाद को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।


समारोह में कासियाडीह गांव के ग्रामीण, विद्यालय के बच्चों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपने संबोधन में अध्यक्ष सुधीर कुमार दुबे ने कहा कि शिक्षक भले ही विभागीय नियमों के तहत सेवानिवृत्त हो जाते हैं, लेकिन सामाजिक रूप से उनकी भूमिका कभी समाप्त नहीं होती। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होता है और नौनिहालों का भविष्य उनके हाथों में होता है।
महासचिव अमरेश कुमार सिंह ने गोविंद प्रसाद को लोकप्रिय एवं मेहनती शिक्षक बताया। वहीं संगठन मंत्री राजीव रंजन पांडे ने उन्हें विनम्र और मधुर स्वभाव का इंसान बताया। जपला से आए पदाधिकारियों एवं वरीय शिक्षकों ने भी उनके कार्यशैली और व्यवहार की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
मौके पर सतबरवा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए गोविंद प्रसाद को माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने सराहा। बाहर से आए पदाधिकारियों द्वारा बच्चों को उपहार भी दिए गए।

यह सम्मान एवं विदाई समारोह भव्य, शानदार और यादगार रहा। उपस्थित सभी लोगों ने श्री गोविंद प्रसाद जी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम का समापन विधिवत रूप से किया गया।


