



सोनारडीह भू धंसान: मलबे में दबे तीनों शव को निकाला बाहर
बीसीसीएल के रेस्क्यू टीम ने अहले सुबह तक चलाया बचाव कार्य
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बाघमारा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के सोनारडीह ओपी अंर्तगत टंडाबाड़ी बस्ती में मंगलवार शाम हुई भू धंसान की घटना के बाद देर रात तक बचाव कार्य चला। बुधवार अहले सुबह करीब तीन बजे बचाव दल ने मलबे में दबे मोनू उरांव, गीता कुमारी तथा सरिता देवी के शव को बाहर निकाला। शव को बाहर निकालते ही मोहल्ले में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद भेज दिया।

बीसीसीएल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
भू धंसान की सूचना मिलते ही बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र के जीएम विजय कुमार, बरोरा क्षेत्र के जीएम केके सिन्हा, जीएम सेफ्टी संजय सिंह, बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू, बाघमारा एसडीपीओ पीके सिंह समेत अन्य घटनास्थल पर पहुंच गए थे। अधिकारियों ने बचाव कार्य का जायजा लिया।
मालूम हो कि मंगलवार शाम सोनारडीह ओपी से महज दो सौ गज की दूरी पर स्थित टंडाबाड़ी में तीन घर जमीन में समा गया था। इसके मलबे में मोनू, गीता और सरिता दब गए थे। भू धंसान का कारण खनन के चलते जमीन खोखली होना बताया जा रहा है। घटना के बाद बस्ती में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। लोग अपने-अपने घरों में ताला लगाकर वहां से जान बचाकर भाग निकले थे। बचाव कार्य में विलंब होता देख नागरिकों के सब्र का बांध टूट गया और महुदा-राजगंज एन एच 32 को जाम कर यातायात अवरूद्ध कर दिया था।


