



राजगंज में खड़ी क्रेटा कार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचा चालक

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद):राजगंज थाना क्षेत्र के महतोतांड के पास रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। राजगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी क्रेटा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक रुपलाल मरांडी (निवासी–गरीबडीह), जो महतोतांड निवासी चिमनी भट्ठा मालिक मनबोध मंडल के वाहन का चालक बताया जा रहा है, ट्रैक्टर को तेज गति से चला रहा था। इसी दौरान उसने महतोतांड में खड़ी क्रेटा कार को पीछे से टक्कर मार दी। कार चालक राजेश गोप इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना राजगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को पूछताछ के लिए थाना ले गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण क्षेत्र में आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिस पर सख्त नियंत्रण की आवश्यकता है।




