लोदना की खदानों के जोखिम आकलन को लेकर आइआइटी-आइएसएम व प्रबंधन की बैठक

Advertisements

लोदना की खदानों के जोखिम आकलन को लेकर आइआइटी-आइएसएम व प्रबंधन की बैठक

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : आइआइटी-आइएसएम का एक प्रतिनिधिमंडल एवं लोदना क्षेत्रीय प्रबंधन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य एजेंडा लोदना क्षेत्र की खदानों एवं परियोजनाओं में मौजूद जोखिम एवं खतरों का आकलन तथा उनके बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा करना था।

बैठक के दौरान लोदना क्षेत्र की खदानों तथा एकीकृत नार्थ-साउथ तिसरा-कुजामा एवं जयरामपुर कोलियरी में मौजूद संभावित जोखिमों और खतरों का आकलन किया गया। साथ ही इन संवेदनशील स्थलों को माइन प्लान पर चिन्हित किया गया। बताया गया कि इन क्षेत्रों का वैज्ञानिक अध्ययन पूर्व में भी किया जा चुका है, लेकिन जिन स्थानों का अध्ययन छूट गया था, उनका जल्द से जल्द वैज्ञानिक सर्वेक्षण कर अंतिम रिपोर्ट बीसीसीएल मुख्यालय में जमा की जाएगी।

बैठक में यह भी कहा गया कि इस वैज्ञानिक अध्ययन से खदानों में होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी बल दिया गया।

इस अवसर पर लोदना क्षेत्र की ओर से महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा, अवर महाप्रबंधक परवेज आलम, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष तिवारी, परियोजना पदाधिकारी संजीव कश्यप व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं आइआइटी-आइएसएम के प्रतिनिधिमंडल में खनन अभियंत्रण विभाग के प्रमुख डी.पी. मिश्रा सहित अन्य स्कॉलर मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top