पीरटांड़ में मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध, वार्ता के बाद कार्य शुरू करने पर सहमति

Advertisements

पीरटांड़ में मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध, वार्ता के बाद कार्य शुरू करने पर सहमति

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड में संचालित मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत किसानों की जमीन खोदे जाने एवं खेतों की मेढ़ तोड़े जाने से नाराज ग्रामीणों से सोमवार को योजना के पदाधिकारियों ने वार्ता की। यह वार्ता कुम्हरलालो पंचायत के दूधनिया गांव में हुई, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

वार्ता के दौरान पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिन किसानों के खेतों की मेढ़ टूटी है उसकी विधिवत मापी कराकर मरम्मत कराई जाएगी। पाइपलाइन बिछाने के दौरान खेतों में बने गड्ढों को पूर्व स्थिति में भरवाया जाएगा। साथ ही प्रभावित खेतों की एक बार जुताई भी कराई जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ज्ञात हो कि रविवार को ग्रामीणों ने दूधनिया में पाइप बिछाने का कार्य रोक दिया था। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि जब तक खेतों की क्षति की भरपाई एवं मेढ़ों की मरम्मत नहीं की जाती, तब तक निर्माण कार्य बंद रहेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए योजना के कर्मी एवं अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत कुम्हरलालो पंचायत के दूधनिया गांव स्थित बराकर नदी तट पर इंटेक वेल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पूरे प्रखंड में सैकड़ों तालाबों का निर्माण भी प्रस्तावित है। तालाबों तक पानी पहुंचाने के लिए बड़े व्यास के पाइप बिछाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में खेतों की सिंचाई सुनिश्चित की जा सके।

ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे खेतों की मेढ़ें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और जमीन की पहचान में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। रविवार को सैकड़ों की संख्या में संथाली महिला-पुरुष कार्यस्थल पर पहुंचे थे, जहां निर्माण कार्य में लगे कर्मियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। हालांकि सोमवार की वार्ता के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

मौके पर मेगा लिफ्ट परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर कुमारेश पाल, संतोष झा, कृष्णमूर्ति, सूर्या, सुभाष कुमार, सोनाराम, मांडू, लखिराम, सहदेव आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top