बिरनी के प्रवासी मजदूर की सूरत में मौत, चरगो गांव में पसरा मातम

Advertisements

बिरनी के प्रवासी मजदूर की सूरत में मौत, चरगो गांव में पसरा मातम

डीजे न्यूज, बिरनी,गिरिडीह : कोडरमा लोकसभा व बगोदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरनी प्रखंड के चौंगाखार पंचायत स्थित चरगो गांव निवासी 22 वर्षीय प्रवासी मजदूर आनंद कुमार वर्मा की सूरत में इलाज के दौरान मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के बीच आई इस दुखद खबर से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

मृतक आनंद कुमार वर्मा, सुरेंद्र प्रसाद वर्मा के पुत्र थे। वे अपने छोटे भाई दयानंद कुमार वर्मा तथा गांव के अन्य युवकों के साथ गुजरात के सूरत शहर में दिहाड़ी मजदूरी करते थे। बताया गया कि वह पिछले वर्ष नवंबर माह में रोज़गार की तलाश में सूरत गए थे।

परिजनों के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे काम के दौरान आनंद ने फेसबुक पर एक रील भी पोस्ट की थी। रात करीब नौ बजे उनकी पत्नी अंजू कुमारी और अन्य स्वजनों से बातचीत हुई। इसके कुछ ही देर बाद लगभग दस बजे छोटे भाई दयानंद ने घर फोन कर बताया कि आनंद अचानक बीमार पड़ गए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। सोमवार तड़के करीब तीन बजे मोबाइल पर सूचना मिली कि इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता, माता एवं अन्य स्वजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पंचायत समिति सदस्य के पति रामप्रसाद वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को घर लाया जाएगा। परिजन बेसब्री से शव के आने का इंतजार कर रहे हैं।

आनंद की शादी एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। उनकी पत्नी अंजू कुमारी को 15 दिन पहले ही ऑपरेशन के जरिए पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है। पत्नी और नवजात पुत्र फिलहाल मायके में हैं। परिवार में नवजात के जन्म की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि यह दुखद घटना घट गई।

मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बिलखते हुए कह रही थीं कि आनंद अपने नवजात बेटे का चेहरा भी नहीं देख पाए। आखिर बेटा किसे पिता कहेगा और कौन उसे बेटा पुकारेगा। रविवार रात तक सबसे सामान्य बातचीत करने वाला आनंद अचानक ऐसी कौन सी बीमारी का शिकार हुआ कि महज तीन घंटे में ही इस दुनिया को अलविदा कह गया।

इस घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top