



धनबाद के सब्जी मंडी में लगी भीषण आग

12 से अधिक दुकानें जलकर खाक
मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह ने घटना की जांच और दुकानदारों को मुआवजा देने की मांग की
डीजे न्यूज, धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टील गेट स्थित सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर 12 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही झरिया के पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की मॉनिटरिंग करते रहे। वहीं थाना प्रभारी मंजीत सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंच भींड़ को नियंत्रित करने में लगे रहे
स्टील गेट सब्जी मंडी में अचानक उठी आग की लपटों ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। राशन, पूजा सामग्री, सब्जी और अन्य सामान से भरी दुकानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। पूर्व विधायक संजीव सिंह ने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद एक-एक कर चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने तक संजीव सिंह अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर डटे रहे। वहीं थाना प्रभारी मंजीत कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाते रहे, ताकि दमकल कर्मियों को आग बुझाने में किसी तरह की बाधा न हो।
घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों में मातम जैसा माहौल था। कई दुकानदारों ने डबडबाई आंखों और लड़खड़ाती आवाज में अपनी व्यथा सुनाई। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चार से पांच बार आग लग चुकी है और हर बार 15 से 20 दुकानें जलकर राख हो जाती हैं। लगातार हो रहे नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय होती जा रही है।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मंडी परिसर के आसपास अवैध शराब की बिक्री के कारण रात में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आगजनी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक सहायता की मांग की है।
वहीं संजीव सिंह ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इस घटना में कई दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बार-बार आग लगने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर पीड़ित दुकानदारों की हरसंभव मदद करनी चाहिए।
पीड़ित मालती देवी ने कहा कि पति पहले दुकान चलाते थे,उसके निधन के बाद उसी दुकान में रहते हैं। दिहाड़ी मजदूरी कर अपने बच्चों का जीवन यापन करते हैं। जिस वक्त आग लगी,वह अपने दुकान में सो रही थी। आग लगने बाद दरवाजे का ताला खोलकर बाहर भागी।
ममता मोदी ने कहा कि उसके पिता प्रकाश मोदी की राशन की दुकान आग लगने के कारण जलकर खाक हो गई है।अवैध शराब की बिक्री के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।जिस कारण ऐसी घटनाएं घटती है।अबतक चार से पांच बार आग लगने की घटना घट चुकी है।
वहीं पीड़िता दुकानदार विश्वनाथ मंडल ने कहा कि उनकी भी राशन दुकान थी,जो जलकर पूरी तरह से खाक हो गई है।आग लगने की कई बार घटनाएं हो चुकी है।
वहीं पीड़ित दुकानदार हीरा साव ने कहा कि उनका आलू का गोदाम आग में जलकर खाक हो चुका है।स्टाफ के द्वारा आग लगने की घटना की जानकारी दी।चार पांच बार आग लगने की घटना घट चुकी है।एक बाइक भी दुकान के अंदर रखी थी वह भी जलकर खाक हो चुका है।
मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड के प्रधान अग्नि चालक मंजूर आलम ने कहा कि आग की सूचना पर मौके पर पहुंचे।आग काफी भयावह थी। दमकल वाहनों के जरिए आग पर काबू पा लिया गया है
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।कुल मिलाकर कितनी दुकानें जली है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।




