



नगर निकाय चुनाव में पुलिस की अहम भूमिका

कर्तव्य और जिम्मेदारियों को लेकर कार्यशाला में दिया गया विशेष प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण—मतपत्र वितरण से लेकर मतदान और मतगणना तक—पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय कर दी गई हैं। इसी उद्देश्य को लेकर एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार न्यू टाउन हॉल में पुलिस पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यशाला का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका और डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार ने किया।
पुलिस पदाधिकारियों के अनुसार आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से अनुपालन कराने, प्रत्याशियों के चुनाव अभियान पर बारीकी से निगरानी रखने, मतपत्रों को संबंधित मतदान केंद्रों तक कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचाया जाएगा। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार सशस्त्र बलों की निगरानी में मतपत्रों का परिवहन होगा। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या बाधा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए रिजर्व बल को अलर्ट रखा गया है।
मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे बूथ परिसर में भीड़ नियंत्रण, कतार व्यवस्था, फर्जी मतदान की रोकथाम तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखें। सेक्टर और जोनल दंडाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
मतदान समाप्ति के बाद मत पेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच संग्रह केंद्र तक लाया जाएगा। दंडाधिकारी की उपस्थिति में सशस्त्र एस्कॉर्ट के साथ मत पेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराया जाएगा। इस दौरान पूरे मार्ग पर पुलिस की निगरानी रहेगी ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मतगणना के दिन सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी रहेगी। मतगणना स्थल पर बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। परिसर के बाहर दंगा नियंत्रण बल और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संभावित विजय जुलूस या तनाव की स्थिति से निपटने के लिए भी विशेष तैयारी की गई है।
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करें।
नगर निकाय चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराना ही पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए हर स्तर पर मुस्तैदी बरती जा रही है।




