अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, रात्रि चेक पोस्ट और सीसीटीवी से होगी सख्त निगरानी

Advertisements

अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, रात्रि चेक पोस्ट और सीसीटीवी से होगी सख्त निगरानी
डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुवार को अवैध बालू खनन, उठाव एवं ढुलाई की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन पर पूर्णतः रोक लगाने को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने रात्रि समय में अवैध खनन रोकने के लिए सघन कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि अवैध बालू ढुलाई में संलिप्त वाहनों को तत्काल जब्त कर वाहन मालिकों पर एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख प्रवेश स्थलों पर रात्रि समय में चार चेक पोस्ट निर्माण तथा प्रत्येक चेक पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे अधिष्ठापित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इससे अवैध वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर अवैध बालू उठाव में जनप्रतिनिधियों की भूमिका सुनिश्चित करते हुए संलिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पंचायत क्षेत्रों में अवैध चालान एवं अवैध बालू स्टॉक पर भी सख़्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपायुक्त ने जिले की 194 पंचायतों में साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा अवैध गतिविधियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और बालू माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक सौरभ ने चिन्हित बालू माफियाओं पर आन द स्पॉट वाहन जब्ती और कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, माइनिंग इंस्पेक्टर, एमवीआई, संबंधित थानों के थाना प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएमएफटी टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top