



चांइ कुइंया में एक रात में 6 घरों में चोरी का मामला ठंडा पड़ा, अब एसएसपी तक जाने की चेतावनी

पुलिस जांच जारी, जल्द खुलासा का दावा
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : तिसरा थाना क्षेत्र के चाँद कुइया कॉलोनी में 5 जनवरी की रात हुई 6 घरों में लाखों की चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से मोहल्ला वासियों में आक्रोश बढ़ गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चोरी का उद्भेदन नहीं हुआ तो वरीय पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के साथ-साथ थाना का घेराव भी किया जाएगा।
बताया जाता है कि कॉलोनी निवासी विजय सिंह अपने गांव इटखोरी मुंडन कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके मेन गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमीरा-दीवान तोड़कर लगभग 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली। सुबह पड़ोसी सुबोध सिंह ने ताला टूटा देखा और अन्य लोगों को सूचना दी। सूचना पाकर आसपास के लोग पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरी गए सामान में सोने की चेन (2 पीस), अंगूठी (2 पीस), मांग टीका, कान वाली (5 पीस), पायल (5 पीस), बिछिया, बजरंगबली का लॉकेट, चंद्रमा (2), मंगलसूत्र लॉकेट, जितिया, मठिया (6 पीस), सीकरी नेकलेस सेट, कान का बाली (4 पीस), अन्य आभूषण तथा लगभग 25 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
इसके अलावा ऋषि सिंह, मनोज बाउरी, मुन्दीका समेत अन्य लोगों के घरों में भी चोरों ने उत्पात मचाया। एक ही रात में 6 घरों में चोरी की घटना से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। मोहल्ला वासियों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र उद्भेदन की मांग की है।
इस संबंध में तिसरा थाना प्रभारी सुमन कुमार ने कहा कि पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।




