अब डॉक्टरों की जियोटैग से बनेगी उपस्थिति : उपायुक्त 

Advertisements

अब डॉक्टरों की जियोटैग से बनेगी उपस्थिति : उपायुक्त

 

शिबू आश्रम पोखरिया को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, विधायक मथुरा व उपायुक्त ने किया मुआयना 

 

टुंडी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की उपस्थिति की होगी जांच, प्रखंड मुख्यालय में रहना अनिवार्य 

संजीत तिवारी, टुंडी(धनबाद) : धनबाद जिले के डॉक्टर एवं चिकित्साकर्मी अब अपनी डयूटी से गायब नहीं रह सकेंगे। कारण, धनबाद जिले में जियोटैग से डॉक्टरों एवं चिकित्साकर्मियों की उपस्थिति दर्ज होगी। धनबाद राज्य का पहला जिला होगा जहां डॉक्टर व चिकित्साकर्मियों की उपस्थिति जियोटैग से दर्ज होगी। बहुत जल्द यह व्यवस्था शुरू होगी। उपायुक्त ने टुंडी के अस्पतालों से डॉक्टरों के गायब रहने के सवाल पर यह जानकारी शनिवार को यहां पत्रकारों को दी है। विधायक मथुरा प्रसाद महतो के साथ उपायुक्त आदित्य रंजन शनिवार को टुंडी के मनियाडीह स्थित शिबू आश्रम पोखरिया पहुंचे थे।

विदित हो कि विधायक मथुरा प्रसाद महतो की पहल पर जिला प्रशासन ने मछियारा पंचायत के पोखरिया स्थित शिबू आश्रम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल तेज कर दिया है।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने बताया कि जियोटैग सिस्टम लागू नहीं रहने से डॉक्टर कहीं से भी उपस्थिति दर्ज कर लेते हैं। जियो टैग सिस्टम लागू होते ही कार्यस्थल से उपस्थिति दर्ज करने की सभी को बाध्यता हो जाएगी। टुंडी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रवण कुमार के प्रखंड मुख्यालय में नहीं रहने के सवाल पर कहा कि उनकी उपस्थिति की जांच कराएंगे। यदि बात सही मिली तो कार्रवाई होगी। प्रखंड चिकित्सा प्रभारी को हर हाल में प्रखंड मुख्यालय में रहना पड़ेगा। सभी डॉक्टरों को नियमित रूप से अस्पताल में डयूटी देनी होगी। उपायुक्त ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टुंडी की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

इस क्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन ने विधायक मथुरा प्रसाद महतो के साथ पूरे आश्रम परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिबू सोरेन की प्रतिमा के लिए शेड निर्माण, वहां रहने वालों के लिए भव्य आवास, पूरे आश्रम परिसर की घेराबंदी तथा स्थल को दर्शनीय बनाने से जुड़े कई बिंदुओं पर प्रखंड व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त ने शिबू आश्रम के साथ-साथ मानियाडीह थाना के सामने बने शहीद श्यामलाल मुर्मू के स्मारक का भी मुआयना कर उसके कायाकल्प का आदेश दिया। आश्रम में रह रहे लोगों से मिलकर उन्होंने शिबू सोरेन से जुड़ी कई जानकारियां सुनीं तथा उनके द्वारा उपयोग किए गए घर को संरक्षित कर यथावत दर्शनीय स्थल के रूप में रखने का आग्रह किया।

चरहरदीवारी निर्माण के लिए आसपास के कुछ रैयतों की जमीन अधिग्रहण के संबंध में उपायुक्त ने रैयतों एवं परिवार के सदस्यों के साथ आगामी शनिवार को अपने कार्यालय में बैठक कर राय-शुमारी करने की बात कही।

ज्ञात हो कि जिला प्रशासन द्वारा मछियारा पंचायत को स्वावलंबी पंचायत बनाने को लेकर पिछले एक माह से घर-घर जाकर कर्मियों द्वारा लोगों की समस्याओं का सर्वे किया गया। पिछले दस दिनों में विभिन्न राजस्व गांवों में शिविर लगाकर बुनियादी सुविधाओं व आधारभूत संरचनाओं का आकलन किया गया तथा प्राप्त आवेदनों में से कुछ का ऑन-स्पॉट निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को अग्रेतर कार्रवाई हेतु जिला भेजा गया।

19 जनवरी से 28 जनवरी तक आयोजित कैंपों में छूटे लाभुकों का नया आधार, सुधार एवं अद्यतन, पेंशन ऑन-स्पॉट स्वीकृति, जन्म, जाति, आवासीय व आय प्रमाण-पत्र निर्माण सहित कई सेवाओं का निराकरण कर ग्रामीणों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में पहल की गई। अब पोखरिया को दर्शनीय स्थल के रूप में शीघ्र विकसित किया जाएगा।

मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, टुंडी बीडीओ विशाल पांडेय, सीओ सुरेश बरनवाल के अलावा जिला एवं प्रखंड तथा पंचायत स्तरीय कर्मियों के साथ आसपास के ग्रामीण व स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top