पूर्वी टुंडी में थम नहीं रही मवेशी चोरी, ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को दबोचा 

पूर्वी टुंडी में थम नहीं रही मवेशी चोरी, ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को दबोचा

 

पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा-संदिग्ध युवक जामताड़ा का है और मानसिक रूप से बीमार है, पुलिस ने स्वजनों को बुलाकर घर भेज दिया 

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। विगत एक सप्ताह के भीतर विभिन्न गांवों से लगभग एक दर्जन मवेशियों की चोरी हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के किसान भयभीत और परेशान हैं। इधर बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने मैरानवाटांड़ पंचायत अंतर्गत दुमा एवं कांसजोड़ गांव से कुल पांच मवेशियों की चोरी कर ली। दुमा गांव के अशरफ अंसारी और फिरदौस अंसारी के एक-एक बैल तथा चिराउद्दीन अंसारी की एक जर्सी गाय चोरी हो गई। वहीं कांसजोड़ गांव के किसान प्रेमलाल मुर्मू का एक जोड़ा बैल (दो बैल) भी चोरों ने उड़ा लिया। पुलिस के अनुसार दुमा और कांसजोड़ गांव में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर अब तक भुक्तभोगियों द्वारा थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच बुधवार की रात ही असुरबांध गांव में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूर्वी टुंडी पुलिस युवक को अर्धनग्न अवस्था में थाना लाकर पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि युवक नारायणपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और मानसिक रूप से बीमार है। उसके परिजनों को थाना बुलाकर युवक को घर ले जाने को कहा गया है।

विदित हो कि इससे पूर्व 1 और 2 फरवरी की रात को भी धधकीटांड़ एवं बारकेतनी गांव से आठ मवेशियों की चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के पशुपालकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top