


पूर्वी टुंडी में दो रातों से दो घरों में लगातार हो रही मवेशियों की चोरी 

पीड़ित पशुपालकों ने पूर्वी टुंडी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर पंचायत के दो गांवों से लगातार दो रातों में आठ बैलों की चोरी की घटना सामने आई है। इस घटना से क्षेत्र के पशु स्वामियों एवं किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है।
गौरतलब है कि पूर्वी टुंडी थाना स्वयं इसी पंचायत की सीमा में स्थित है। थाना प्रभारी को पदभार संभाले अभी एक माह भी नहीं हुआ है और इसी बीच हुई इन चोरी की घटनाओं ने अपराधियों के बढ़ते हौसले को दर्शाया है, जिससे प्रशासन के समक्ष चुनौती खड़ी हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी की रात रघुनाथपुर पंचायत के धधकीटांड़ गांव से किसान रविलाल किस्कू के एक जोड़ा बैल तथा सुधन किस्कू के एक जोड़ा बैल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए। इसके अगले ही रात, 2 फरवरी को, रघुनाथपुर पंचायत के बारकेतनी गांव निवासी किसान सोनाराम मुर्मू के गोहाल से चार बैलों (दो जोड़ी) की चोरी हो गई। लगातार दो रातों में कुल आठ बैलों की चोरी से किसान काफी परेशान हैं। पीड़ित पशुपालकों ने पूर्वी टुंडी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पशुपालकों ने आशंका जताई है कि चोर बैलों को आंगन या गोहाल से निकालकर पिकअप वैन में लादकर फरार हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मंगलवार को थाना क्षेत्र के सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की गई, हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




