



देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने 17वीं बार किया रक्तदान

51 रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित
डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित विकास भवन के समीप रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने 17वीं बार रक्तदान कर जिलेवासियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान करना किसी के लिए जीवनदान के समान है। रक्तदान करने से न केवल किसी की जान बचाने जैसी अनमोल खुशी मिलती है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से स्वास्थ्य खराब होने या शरीर में खून की कमी होने जैसी बातें सिर्फ भ्रम हैं। रक्तदान के बाद कुछ ही समय में शरीर रक्त की पूर्ति कर लेता है और इसका स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
रक्तदाताओं के सेवा भाव को बताया प्रेरणादायक
उपायुक्त ने रक्तदान के प्रति समर्पित सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के निस्वार्थ सेवा भाव से ही जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए लोग नियमित रूप से रक्तदान करते रहें।
51 रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, 8 को लकी ड्रॉ में पुरस्कार
शिविर के दौरान रक्तदान करने वाले कुल 51 रक्तदाताओं को उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं पंजाब एंड सिंध बैंक की ओर से लकी ड्रॉ के माध्यम से 08 भाग्यशाली रक्तदाताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि कई बार ब्लड बैंक में रक्त की कमी के कारण मरीजों को परेशानी होती है, इसलिए सभी को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए और दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, जिला स्तर के अधिकारी, कर्मी एवं डीएसए के सदस्य सहित अन्य लोगों ने भी रक्तदान किया। शिविर में कुल 51 यूनिट रक्तदान किया गया।




