पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान फैंसी नंबर प्लेट, मॉडीफाइड गाड़ियों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

Advertisements

पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान

फैंसी नंबर प्लेट, मॉडीफाइड गाड़ियों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

डीजे न्यूज, धनबाद: सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने रविवार को जिलेभर में व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों में यातायात अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

अभियान का नेतृत्व ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने किया। इस दौरान सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव तथा प्रशिक्षु आईपीएस  अंकित सिन्हा भी अभियान में शामिल रहे। जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक पुलिस एवं स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने वाहनों की सघन जांच की।

जांच के दौरान विशेष रूप से फैंसी नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और मॉडीफाइड वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अवैध बदलाव न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।

इसके अलावा ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग न करना तथा काले शीशे लगे वाहनों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई। कई वाहनों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया, जबकि कुछ मामलों में वाहन को जब्त करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया। उन्हें बताया गया कि हेलमेट, सीट बेल्ट और मानक नंबर प्लेट जैसे नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि फैंसी नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और मॉडीफाइड वाहनों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग की आदत को अपनाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top