गिरिडीह : विशेष मासिक लोक अदालत में 42 मामलों का निष्पादन

Advertisements

गिरिडीह : विशेष मासिक लोक अदालत में 42 मामलों का निष्पादन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के तत्वावधान में शनिवार को विशेष मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में कुल 42 मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया, जिसमें कुल सुलहनीय वितरित राशि 2 लाख 37 हजार 700 रुपये रही।

झालसा, रांची के निर्देशानुसार यह विशेष मासिक लोक अदालत माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के मार्गदर्शन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह सफदर अली नैयर के नेतृत्व में आयोजित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह (प्रभार) ने कहा कि आमजनों एवं पक्षकारों को उनके मामलों का निष्पादन आपसी सहमति से त्वरित रूप से कराने के उद्देश्य से माननीय झालसा, रांची के निर्देश पर इस विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से जहां पक्षकारों को त्वरित न्याय का लाभ मिलता है, वहीं न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है। उन्होंने लोक अदालत में उपस्थित आमजनों एवं पक्षकारों को बधाई देते हुए अपील की कि वे न्यायालय द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेकर अपने मामलों का निष्पादन कराएं, जिससे समय एवं धन की बचत हो सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव सफदर अली नैयर, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह ने कहा कि इस मासिक लोक अदालत में विद्वान अधिवक्तागण एवं पक्षकारगण की सक्रिय सहभागिता लोक अदालत की महत्ता एवं जन-जन तक इसकी पहचान को दर्शाती है।

इस विशेष मासिक लोक अदालत को सफल बनाने हेतु माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह (प्रभार) के निर्देश पर कुल 06 पीठों का गठन किया गया था। सभी पीठों के पीठासीन पदाधिकारियों द्वारा आवंटित मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।

इस अवसर पर पारिवारिक वाद एवं एन.आई. एक्ट से संबंधित चेक बाउंस मामलों सहित अन्य वादों में कुल 42 मामलों का निष्पादन करते हुए 2 लाख 37 हजार 700 रुपये की सुलहनीय राशि का निस्तारण किया गया। साथ ही मासिक लोक अदालत में बिजली विभाग से संबंधित मामलों में भी राजस्व की प्राप्ति हुई। इसके अतिरिक्त जनवरी माह के प्रथम मासिक लोक अदालत का भी आयोजन किया गया, जिसमें न्यायालय में लंबित विभिन्न वादों का निष्पादन संबंधित पीठों द्वारा किया गया।

इस मासिक लोक अदालत को सफल बनाने में गिरिडीह न्यायमंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारियों, विद्वान अधिवक्ताओं, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों, पारा लीगल वालंटियर्स, मीडिया कर्मियों तथा पक्षकारों की सराहनीय भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top