



डीआइजी पहुंचे हरलाडीह ओपी, दुष्कर्मियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

आदिवासियों किशोरियों के सामूहिक दुष्कर्मियों का अब तक सुराग नहीं, क्षेत्र में आक्रोश
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) :पीरटांड प्रखंड के हरलाडीह ओपी क्षेत्र में हुई सामूहिक दुष्कर्म की जांच तेज करने को लेकर हजारीबाग रेंज के डीआईजी अंजनी कुमार शनिवार को हरलाडीह ओपी पहुंचे। मौके पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने डीआईजी का यहां स्वागत किया। इस दौरान डीआईजी ने ओपी और कैंप का निरीक्षण भी किया। डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ मामले की अब तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधान को और तेज करने, साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन सुनिश्चित करने तथा पीड़िता को हरसंभव सहायता देने के सख्त निर्देश दिए। पुलिस टीम को समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया। डीआईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। न्याय की प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बता दें कि हरलाडीह में सरस्वती पूजा के अवसर पर लगने वाले सरस्वती पूजा मेला के बाहर संथाली जतरा का आयोजन किया गया था। वहां पहुंची दो आदिवासी किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। इसके बाद
इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधी दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने जांच को गति देने के लिए विशेष टीम गठित की है। डीआईजी के दिशानिर्देशों के बाद अनुसंधान में नई गति आई है। पीड़िता के परिवार को सुरक्षा और चिकित्सा सहायता का भरोसा दिया गया है। मामले में जल्द गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।




