





स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने को बनी रणनीति

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रशासक सह नगर आयुक्त आशीष गंगवार की अध्यक्षता में स्वच्छता संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त, सभी सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक एवं सुलभ इंटरनेशनल के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र में दृश्यमान स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नगर निगम एवं डीआइएमएसडब्लूएल के सभी सफाई वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया गया। सफाई कार्यों की निगरानी सैनीटरी सुपरवाइजर द्वारा निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार की जाएगी, जबकि सिटी मैनेजर एवं सहायक नगर आयुक्त रैंडम निरीक्षण करेंगे।
व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों में नियमित झाड़ू, बैकलेन की सफाई तथा स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की पहचान कर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। धनबाद नगर निगम अवस्थित स्लम क्षेत्रों में एक माह का तिथि-वार विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। स्कूलों में स्वच्छता अभियान को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक करने का भी निर्णय लिया गया।
1 फरवरी 2026 से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में वीटीसी स्थापित कर उसका डेटा नगर निगम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन के द्वारा माइकिंग के माध्यम से कचरा पृथक्करण एवं एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वेस्ट कलेक्शन स्टेशनों पर कम्पोस्ट पिट निर्माण का भी निर्देश दिए गए।
नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 100 किलोग्राम या उससे अधिक कचरा उत्पन्न करने वाले भवनों व संस्थानों को बल्क वेस्ट जनरेटर घोषित किया गया है। ऐसे सभी संस्थानों को अपने परिसर में ही गीले कचरे के प्रसंस्करण हेतु कम्पोस्टिंग, बायोगैस या अन्य अनुमोदित व्यवस्था अनिवार्य रूप से स्थापित करनी होगी।
कम्युनिटी टॉयलेट एवं पब्लिक टॉयलेट में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ब्रांड एंबेसडर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता अभियान तथा पेंट माई सिटी अभियान भी चलाया जाएगा।
प्रशासक सह नगर आयुक्त ने निर्देशों के कड़ाई से अनुपालन पर जोर देते हुए कहा कि धनबाद को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं एजेंसियां पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।




