




डिग्री कॉलेज टुंडी में शहीद दिवस पर संगोष्ठी, गांधीजी के अहिंसक प्रतिरोध पर मंथन 

डीजे न्यूज, टुंडी,धनबाद : शुक्रवार को डिग्री कॉलेज टुंडी के बिरसा मुंडा सभागार में शहीद दिवस का आयोजन महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), इतिहास विभाग एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं माटी के लाल बिनोद बिहारी महतो के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय की एआईएसएच समन्वयक तथा स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. तनुजा कुमारी रहीं।
इस अवसर पर IQAC तथा इतिहास विभाग द्वारा “चंपारण से राजघाट तक : महात्मा गांधी के अहिंसक प्रतिरोध की यात्रा” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत वक्तव्य एवं विषय प्रवेश भाषण IQAC के समन्वयक एवं इतिहास विभाग के प्रो. अविनाश कुमार ने दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. तनुजा कुमारी ने अपने बीज भाषण में गांधीजी के अहिंसा और सत्याग्रह को केंद्र में रखते हुए कहा कि चंपारण सत्याग्रह से लेकर राजघाट की शांति तक गांधीजी ने राष्ट्रव्यापी अहिंसक जन आंदोलन के माध्यम से देश को नई दिशा दी।
वहीं अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी से प्रेरणा लेते हुए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने 2 मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रानी सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. लक्ष्मी कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




