



गांधी पुण्यतिथि पर बापू वाटिका में श्रद्धांजलि, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया पुष्प अर्पण

डीजे न्यूज, रांची : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भजन मंडली के कलाकारों ने गांधी जी के प्रिय भजन एवं रामधुन प्रस्तुत किए। भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित लोग गांधी जी के आदर्शों को स्मरण करते हुए भाव-विभोर नजर आए।
मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर उन्होंने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
वहीं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि गांधी जी का व्यक्तित्व, त्याग, संघर्ष और जीवन दर्शन पूरे विश्व के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समृद्ध राज्य, विकसित देश और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व वाली दुनिया की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडे सिंह एवं राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।




