























































देशभक्ति के रंग में रंगा राजगंज, धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद):
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजगंज क्षेत्र के सभी सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया। इस दौरान राजगंज क्षेत्र पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया। बच्चों के हाथों में तिरंगा और गगनभेदी देशभक्ति नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से गूंज उठा।
इस अवसर पर राजकीय कृत बालिका मध्य विद्यालय राजगंज, पीएम श्री आदर्श मध्य विद्यालय राजगंज , राजगंज पंचायत सचिवालय,राजगंज थाना सहित अनेक स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजगंज थाना परिसर में जवानों ने परेड कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। थाना प्रभारी अलीशा कुमारी ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित पुलिसकर्मियों व आम नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
वहीं राजगंज पंचायत सचिवालय में मुखिया वंदना वारुई ने झंडोत्तोलन कर संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संदेश दिया।
पीएम श्री आदर्श मध्य विद्यालय राजगंज में प्रधानाध्यापक रामानंद पासवान ने ध्वजारोहण किया, जबकि राजकीय कृत बालिका मध्य विद्यालय राजगंज में प्रधानाध्यापक अकलू मोहली ने तिरंगा फहराया।
कार्यक्रमों में बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखी गई। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति गीतों और नारों से माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत रहा और लोगों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।



