जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का आशा गुप्ता ने किया ऐलान समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों का मिला समर्थन, 15 वर्षों के कुशासन व भ्रष्टाचार के अंत का लिया संकल्प

Advertisements

जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का आशा गुप्ता ने किया ऐलान

समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों का मिला समर्थन, 15 वर्षों के कुशासन व भ्रष्टाचार के अंत का लिया संकल्प
डीजे न्यूज, जाामताड़ा :  जामताड़ा में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में सरस्वती पूजा के अवसर पर जामताड़ा के समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता की धर्मपत्नी व सामाजिक कार्यकर्ता आशा गुप्ता ने नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।  शुक्रवार को आशा गुप्ता ने अपने आवासीय कार्यालय में एक प्रेस वार्ता में औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी की घोषणा की। इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन, राजा नृत्य गोपाल सिंह सहित शहर के कई बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं व्यवसायी मौजूद रहे। सभी ने  आशा गुप्ता को समर्थन देने की बात कही है। साथ ही मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का भरोसा दिलाया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन ने कहा कि आशा गुप्ता एक जुझारू, संवेदनशील और कर्मठ महिला नेत्री हैं। वे तरुण कुमार गुप्ता की पत्नी होने के साथ-साथ अपनी अलग पहचान रखती हैं। आशा गुप्ता शिक्षित हैं और बीएड. उत्तीर्ण हैं। उन्होंने केवल गृहिणी की भूमिका तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि समाज के हर वर्ग से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाई है। मोहनलाल बर्मन ने कहा कि आशा गुप्ता ने छठ घाटों की साफ-सफाई, गरीबों के बीच खाद्यान्न वितरण, ठंड के मौसम में कंबल वितरण सहित कई सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। उनकी कार्यशैली सराहनीय रही है और वे हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील रही हैं। इसी कारण समाज के लोगों ने उन्हें प्रेरित किया कि वे नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ें। इस दौरान आशा गुप्ता ने शहर के समग्र विकास को लेकर 11 सूत्री घोषणा पत्र भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस घोषणा पत्र में नगर पंचायत क्षेत्र के हर वार्ड के लिए अलग-अलग विकास योजनाओं को शामिल किया गया है। इसमें स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, सड़क और नाली निर्माण, नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, महिलाओं की सुरक्षा, गरीबों के लिए योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, पारदर्शी प्रशासन और भ्रष्टाचार मुक्त नगर पंचायत की परिकल्पना शामिल है। वहीं अपनी दावेदारी की घोषणा करते हुए आशा गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है और अब बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से जामताड़ा नगर पंचायत में कुशासन, भय और भ्रष्टाचार का माहौल रहा है, जिसे खत्म करना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं है, बल्कि व्यवस्था में परिवर्तन लाने की है।
आशा गुप्ता ने कहा कि वे जामताड़ा में एक अच्छे, समरस और विकसित समाज का निर्माण करना चाहती हैं, जहां जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को समान अधिकार और विकास का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि जो विकास अब तक रुका हुआ है, उसे गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है और उन्हें पूरा भरोसा है कि जनता उनके साथ है। प्रेस वार्ता के दौरान मौजूद समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने भी आशा गुप्ता की सामाजिक सक्रियता, 11 सूत्री विकास एजेंडे और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि यदि उन्हें मौका मिला तो जामताड़ा नगर पंचायत को एक नई दिशा मिलेगी। अब देखना यह होगा कि नगर निकाय चुनाव में आशा गुप्ता की यह दावेदारी और उनका घोषणा पत्र जनता के बीच कितना असर डाल पाता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top