पोस्टमार्टम में वसूली से भड़के झामुमो जिलाध्यक्ष, सदर अस्पताल का निरीक्षण कर चेताया 

Advertisements

पोस्टमार्टम में वसूली से भड़के झामुमो जिलाध्यक्ष, सदर अस्पताल का निरीक्षण कर चेताया 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड मुक्ति मोर्चा गिरिडीह के जिला अध्यक्ष सह 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह ने गुरुवार को सदर अस्पताल, गिरिडीह का औचक निरीक्षण कर अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया और सिविल सर्जन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों और उनके परिजनों को हर हाल में समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूले जाने की शिकायतें सामने आई थीं, जिसे लेकर उन्होंने सिविल सर्जन से सख्त शब्दों में बात की। उन्होंने कहा कि किसी की मृत्यु के बाद परिजन पहले से ही गहरे सदमे में होते हैं, ऐसे में उनसे पैसे लेना निंदनीय और अस्वीकार्य है।

इस पर सिविल सर्जन ने आश्वस्त किया कि अब पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी और भविष्य में किसी भी तरह की वसूली नहीं की जाएगी। सिंह ने कहा कि सदर अस्पताल में अनुभवी और सक्षम डॉक्टर कार्यरत हैं, आमजन को बेहतर इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों पर भरोसा करना चाहिए। यदि किसी प्रकार की कमी या शिकायत मिलती है तो मुख्यमंत्री से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

औचक निरीक्षण के समय झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य अजित कुमार पप्पू, दिलीप मंडल, गिरिडीह महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, राकेश कुमार सिंह, दिलीप रजक, तूफान, महताब मिर्जा, हरिमोहन कंधवे, ज़ाकिर हुसैन, बृजमोहन तुरी, हरगौरी साव उर्फ छक्कू साव, गौरव विश्वकर्मा, अल्कामा, सचिन शर्मा, विद्याभूषण सिंह, मोहम्मद सर्फू, मोहम्मद पप्पू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top