



नॉर्थ तीसरा आउटसोर्सिंग विवाद में हिंसा, मजदूरों पर हमला, कई घायल, सड़क जाम

डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद):
लोदना क्षेत्र के नॉर्थ तीसरा आउटसोर्सिंग प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मजदूरों ने हंगामा किया। आरोप है कि आउटसोर्सिंग प्रबंधन से जुड़े गुंडों ने बीसीसीएल नॉर्थ तीसरा कार्यालय एवं हाजिरी घर में घुसकर मजदूरों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में कई महिला मजदूरों के भी घायल होने की सूचना है।
घटना के विरोध में संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में मजदूरों ने झरिया–बलियापुर मुख्य मार्ग को ठाकुर मोड़ के समीप जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही तीसरा थाना सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
मजदूरों एवं मोर्चा नेताओं ने आउटसोर्सिंग संचालक कुंभनाथ सिंह एवं लाल बाबू सिंह की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
संयुक्त मोर्चा के संयोजक सुजीत कुमार मंडल, बंटी सिंह एवं अनिमेष सिंह ने बताया कि बीती रात नॉर्थ तीसरा डिपार्टमेंटल परियोजना के मार्ग पर पत्थर गिराकर रास्ता बंद किया गया और जबरन मशीन को परियोजना में लगाया गया। जब मजदूरों ने इसका विरोध किया तो नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। उसी का बदला लेने के उद्देश्य से आज सुबह स्कॉर्पियो वाहन पर सवार होकर कई लोग कार्यालय परिसर पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बीती रात भी आउटसोर्सिंग से जुड़े लोगों द्वारा मजदूरों के साथ मारपीट की गई थी।
घटना के समय मौके पर योगेश यादव, अनिल सिंह, वीरेंद्र पासी, धर्मेंद्र राय, संजीत सिंह, धनंजय सिंह, महेंद्र देव, संतोष मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, संजय महतो सहित कई मजदूर मौजूद थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सड़क जाम हटाने के लिए मजदूरों से वार्ता की जा रही है।



