महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर फॉरवर्ड ब्लाक ने दिखाई ताकत, सड़कों में उमड़ा सैलाब बेंगाबाद में फॉरवर्ड ब्लॉक का पहला प्रखंड सम्मेलन संपन्न, 17 सूत्री मांगों को लेकर संघर्ष का ऐलान

Advertisements

महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर फॉरवर्ड ब्लाक ने दिखाई ताकत, सड़कों में उमड़ा सैलाब

बेंगाबाद में फॉरवर्ड ब्लॉक का पहला प्रखंड सम्मेलन संपन्न, 17 सूत्री मांगों को लेकर संघर्ष का ऐलान
डीजे न्यूज, बेंगाबाद(गिरिडीह) :
सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ समझौता नहीं, बल्कि संघर्ष ही कॉमरेड महेंद्र सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि है। आज आम जनता केंद्र और झारखंड सरकार की नीतियों के कारण विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में महेंद्र सिंह जैसे जननायकों के जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के समाजवादी व्यवस्था निर्माण के लिए संघर्ष तेज करने की जरूरत है।
उपरोक्त बातें पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के गिरिडीह जिला संयोजक राजेश यादव ने पार्टी के बेंगाबाद प्रखंड के प्रथम सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इस सम्मेलन के माध्यम से भाकपा माले छोड़कर फॉरवर्ड ब्लाक में शामिल हुए राजेश यादव ने अपनी ताकत दिखा दी है। लाल झंडे से लैस समर्थक आज सैलाब बनकर बेंगाबाद के सड़कों पर निकले थे। इधर सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजेश यादव ने कहा कि देश की आजादी के 78 वर्ष और झारखंड निर्माण के 25 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज भी जनता की बदहाली साफ दिखाई देती है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों का समाजवादी भारत बनाने के लिए सिदो-कान्हू, बिरसा मुंडा, शिबू सोरेन और महेंद्र सिंह जैसे नायकों के संघर्ष से प्रेरणा लेना अनिवार्य है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रदेश महासचिव अरुण कुमार मंडल उपस्थित थे। उन्होंने सम्मेलन की सफलता पर बधाई देते हुए आगामी दिनों में संघर्ष तेज करने का ऐलान किया।
सम्मेलन के दौरान शहादत दिवस के अवसर पर कॉमरेड महेंद्र सिंह सहित पार्टी के आंदोलन और जनसंघर्ष में शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत हुई, जिसमें बेंगाबाद प्रखंड सहित जिला, राज्य एवं देश की मौजूदा परिस्थितियों पर चर्चा की गई। इस दौरान 17 सूत्री मांग पत्र प्रस्तुत कर उस पर संघर्ष का ऐलान किया गया।
सम्मेलन में पार्टी की 21 सदस्यीय प्रखंड (लोकल) कमेटी का गठन किया गया। गठित कमेटी ने आपसी सहमति से 7 सदस्यीय पदाधिकारियों का चुनाव किया, जिसमें अध्यक्ष शिवनंदन यादव, उपाध्यक्ष रामलाल मंडल, महासचिव शंभू ठाकुर तथा सचिव फोदार सिंह, सुखदेव गोस्वामी, शंकर यादव एवं शंभू तुरी को चुना गया।
सम्मेलन की समाप्ति के उपरांत नवगठित कमेटी की अगुवाई में सम्मेलन स्थल से प्रखंड मुख्यालय तक जन अधिकार मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से 17 सूत्री मांग पत्र प्रखंड/अंचल अधिकारी के जरिए उपायुक्त गिरिडीह को प्रेषित किया गया। मांगों के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन तेज किया जाएगा।
आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेश यादव, शंभू तुरी, लखन कोल, छोटेलाल यादव, मुस्लिम अंसारी, शंकर यादव, प्रदीप यादव, विजय कु रवि, फोदार सिंह, शिवनंदन यादव, महेश वर्मा, सुखदेव गोस्वामी, मुरारी यादव, राजेंद्र मंडल, रामलाल मंडल, कुमार सिंह, महेंद्र साव, किशोर दास, शंभू ठाकुर, बड़का हेंब्रम, नकुल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top