



धनबाद की खबरें:-

डीडीसी ने तेजी से कार्य पूरा करने का दिया निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी कोषांग के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी से आगामी चुनाव की तैयारियों से संबंधित जानकारी ली। साथ ही सभी कार्य को तेजी से पूरा करने तथा प्रशिक्षण कोषांग को ट्रेंनिंग कैलेंडर एवं प्रथम दिन से ही कर्मियों से डेमोंसट्रेशन कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी कोषांग के पदाधिकारी अपने अपने कोषांग के कर्मियों के साथ बैठक कर कोषांग से संबंधित कार्यों एवं दायित्वों पर विशेष फोकस करें तथा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के लिए तैयार रहे।
वहीं कार्मिक कोषांग को मैनपावर की आवश्यकता तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही चुनाव में वाहनों की आवश्यकता, मटेरियल, एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग, ऑब्जर्वर सेल सहित अन्य विषयों पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने सभी मतदान केंद्रों में एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी सुनिश्चित करने तथा उसकी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता विनोद कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, एलआरडीसी दिलीप कुमार महतो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार समेत विभिन्न कोषांग के पदाधिकारी मौजूद रहें।
———————-
मीट कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य
धनबाद: खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत जिले में मीट एवं मुर्गा दुकानों के संचालन हेतु निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन करना अनिवार्य है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार द्वारा जिले के सभी मीट कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, मीट दुकानों का पंजीकरण/लाइसेंस भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण एवं झारखंड खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण से अनिवार्य रूप से प्राप्त करना होगा। दुकानों में स्वच्छता, साफ-सफाई, नॉन-स्लिप फ्लोर, उचित ड्रेनेज व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, स्टेनलेस स्टील के उपकरण, उचित तापमान पर मांस भंडारण तथा वेस्ट डिस्पोजल की समुचित व्यवस्था होना आवश्यक है।
इसके साथ ही धार्मिक स्थलों के पास निर्धारित दूरी का पालन, दुकान में स्पष्ट साइन बोर्ड, कर्मचारियों का वार्षिक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र तथा उपभोक्ता स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन करना अनिवार्य होगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 14 दिनों के भीतर सभी मीट/मुर्गा दुकानदारों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा। निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
————————
डीईओ ने की केजीबीवी व आवासीय विद्यालयों के वार्डन के साथ बैठक
धनबाद: जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अभिषेक झा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के वार्डन एवं लेखपाल सह कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 में विद्यालयों में बालिकाओं के नामांकन हेतु रिक्त सीटों की उपलब्धता के आधार पर अपने-अपने विद्यालय की पोषक क्षेत्र (प्रखंड) के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यकों के जनसंख्या प्रतिशत के आधार पर सीटों की गणना करते हुए व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित कर नामांकन हेतु योग्य बालिकाओं का चयन कर प्रखंड चयन समिति से अनुमोदन करते हुए जिला कार्यालय को 5 मार्च तक सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
इस हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि ऐसे बच्चियों की सूची 15 फरवरी तक संबंधित प्रखंड के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में जमा किया जाना है। तत्पश्चात 15 फरवरी 2026 से 5 मार्च 2026 तक आवेदनों की स्क्रुटनी करते हुए प्रखंड चयन समिति से अनुशंसा करते हुए जिला कार्यालय को प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
तत्पश्चात जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा नामांकन हेतु सूची को अनुमोदित करते हुए सभी आवासीय विद्यालयों को उपलब्ध करा दी जाएगी। नामांकन हेतु रिक्त सीटों का 75% पर आरक्षित श्रेणी के बच्चों का नामांकन तथा शेष 25% पर बीपीएल कोटि के परिवारों के बच्चों का नामांकन किया जाना है ।
वहीं नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में नामांकन के संबंध में निर्देश दिया गया कि पूरे जिले भर से अनाथ बच्चे, एकल अभिभावक, नक्सल प्रभावित बच्चों, कोविड काल के दौरान अनाथ हो जाने वाले बच्चे, ईंट भट्ठे में कार्य करने वाले मजदूरों के बच्चे, आदिम जनजाति के बच्चे, आदि का नामांकन लिया जाना है। ऐसे बच्चों से पूरे जिले से आवेदन लेने हेतु वार्डन को निर्देशित किया गया। साथ ही इस संबंध में सभी प्रखंडों से संपर्क कर ऐसे बच्चों की सूची प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी आवासीय विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, प्रोजेक्ट रेल की मासिक परीक्षा के आधार पर प्राप्त परिणामों के अनुसार बच्चों का शत प्रतिशत अधिगम सुनिश्चित हो, इसका प्रयास करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी कस्तूरबा गांधी झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में सीसीटीवी क्रियाशील रखने, सभी छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने, 2026 के वार्षिक माध्यमिक परीक्षा एवं वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा में बच्चियों के 100% सफलता हेतु सभी संभव प्रयास करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में आशीष कुमार जिला अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, अशोक कुमार पांडे सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, नीतू सिंह सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, एनिमा सिंह जेंडर कोऑर्डिनेटर सहित सभी प्रखंडों के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, झारखंड आवासीय विद्यालय एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के वार्डन एवं लेखपाल उपस्थित थे।




