



गुरूद्वारा में शबद-कीर्तन व भव्य लंगर, मंत्री सुदिव्य सोनू ने टेका मत्था

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिखों के 10वें गुरू दशमेश पिता, खालसा पंथ के संस्थापक धन धन श्री गुरू गोबिंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व स्टेशन रोड स्थित गुरूद्वारा गुरू सिंह सभा में रविवार को बड़े ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा में विशेष दीवान का आयोजन किया गया। गुरूद्वारे को आकर्षक रंग बिरंगे फूलों व रोशनी से सजाया गया था। इस दौरान रांची से आए रागी जत्था भाई भरपूर सिंह और उनकी टीम के द्वारा वह प्रगटिओ मरद अगंमड़ा वरीआम इकेला।। वाह वाह गोबिंद सिंघ आपे गुरू चेला ।। तुम हो सब राजन के राजा। आपे आप गरीब निवाजा, जैसे कई शबद प्रस्तुत किए। जिसे सुनकर सात संगत निहाल हो गई। 
कीर्तन के माध्यम से संगतों को भाई भरपूर सिंह ने बताया कि मानव को अपने जीवन में सुख शांति पाने के लिए जात पात का त्याग करना चाहिए व सबों को एक सूत्र में बांधने का प्रयास करना चाहिए । गुरूद्वारा के प्रधान मुख्य सेवक डॉ गुणवंत सिंह मोंगिया व सचिव सम्मी सलूजा ने बताया कि गुरूगोबिंद सिंह जी की जयंती को लेकर 2 जनवरी को अखंड पाठ रखा गया था। जिसका समापन रविवार को गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर हुआ।

29 दिसंबर से 03 जनवरी तक पांच प्रभात फेरियां निकाली गई। डॉ मोंगिया ने बताया कि गुरु गोबिन्द सिंह सिक्खों के दसवें धार्मिक गुरु थे। वे एक गुरु ही नहीं बल्कि एक महान दार्शनिक, प्रख्यात कवि, निडर एवं निर्भीक योद्धा, अनुभवी लेखक और संगीत के पारखी भी थे। वे सिर्फ 9 वर्ष की आयु में सिक्खों के नेता बने एवं अंतिम सिक्ख गुरु बने रहे। लंगर की संपूर्ण सेवा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वारा की गई थी। गुरूद्वारे में विधायक सोनू ने मत्था टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित साथ संगत को गुरूपर्व की बधाई दी। कहा कि वे गुरु महाराज की कृपा से सबसे पहले विधायक बने, उसके बाद मंत्री बने। उन्होंने कहा कि उनका गुरु घर से शुरू से ही विशेष लगाव रहा है। वह आज जिस मुकाम पर पहुंचे हैं इसमें गुरु महाराज और ईश्वर की कृपा से पहुंचे हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान डॉक्टर मोंगिया ने मंत्री सुदिव्य कुमार को शॉल देकर सम्मानित किया।

वहीं गुरुद्वारे में पहुंचे झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह को भी शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंत्री ने गुरुद्वारे के लिए संगत की डिमांड पर जेनरेटर देने की घोषणा की। मौके पर चरणजीत सिंह सलूजा, देवेंद्र सिंह सलूजा, राजेंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह, सतविंदर सिंह सलूजा, देवेंद्र सिंह, अजींदर सिंह चावला, पंजाबी मोहल्ला गुरुद्वारा के प्रधान भूपेंद्र सिंह, गुरु कृपा सेवा सोसाइटी के प्रधान कुशल सलूजा, सचिव प्रिंस सलूजा, गुरूदीप सिंह बग्गा, कुशल सलूजा, कुंवरजीत सिंह, मंजीत सिंह, राजेंद्र सिंह बग्गा, त्रिलोचन सिंह, गुरभेज सिंह कालरा, सुधीर आनन्द, रिषी सलूजा, राजू चावला समेत समाज के कई महिला-पुरूष मौजूद थे।



