झारखंड की खनिज संपदा की लूट नहीं होने दी जाएगी : विनोद सिंह

Advertisements

झारखंड की खनिज संपदा की लूट नहीं होने दी जाएगी : विनोद सिंह

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : 16 जनवरी को बगोदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जननायक महेंद्र सिंह की सरिया थाना क्षेत्र के घुरगीधावैया में चुनावी सभा के दौरान अपराधियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि ग्रामीणों के साथ बैठक के दौरान अपराधियों ने पूछा—कौन है महेंद्र सिंह? इस पर विधायक महेंद्र सिंह स्वयं खड़े होकर निर्भीकता से बोले—“मैं हूँ महेंद्र सिंह।” इतना कहते ही अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।

इसी शहादत की स्मृति में बलिदान दिवस एवं संकल्प सभा के आयोजन को लेकर बिरनी प्रखंड के दो जोन—पश्चिमी भाग के प्लस टू उच्च विद्यालय पलौंजिया एवं मध्य भाग के जुटहाआम में शनिवार को भाकपा (माले) की जनरल बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि आज देश अंधेरे मुहाने पर खड़ा है। झारखंड जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा की लूट को झेलते हुए खड़ा है। यदि देश को तबाही के स्मारक बनने से बचाना है तो भाजपा की मोदी सरकार के फासीवादी शासन को रोकना होगा। आम जनता के हित में बने कानूनों को पलटने और खत्म करने का दौर शुरू हो चुका है। योजना आयोग को खत्म करने से लेकर मजदूरों के अधिकार कमजोर करने के लिए चार श्रम संहिता लाई गई और अब मनरेगा को खत्म कर गांवों व ग्रामीण गरीबों पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया गया है।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्राइवेट कॉरपोरेट के लिए नया बीज कानून लाया गया और ऊर्जा कानून में बदलाव किया गया। भाजपा सरकार ने देश के युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के नाम पर ठगने का काम किया है। झारखंड में आबुआ राज और लूट एक साथ नहीं चल सकता। स्वर्गीय महेंद्र सिंह के झारखंड नवनिर्माण के सपने को केवल जनसंघर्ष के बल पर ही पूरा किया जा सकता है। मनरेगा को खत्म करने वाली और झारखंड की जमीन अडानी व अन्य कॉरपोरेट के हाथों बेचने वाली भाजपा के सांप्रदायिक जहर को भाकपा (माले) के जुझारू जनसंघर्षों से ही खत्म किया जा सकता है।

विनोद सिंह ने कहा कि जिस स्वर्गीय महेंद्र सिंह की बात हो रही है, उन्होंने गरीब किसानों और मजदूरों के हक के लिए अपना बलिदान दिया। जननायक स्वर्गीय महेंद्र सिंह के अपमान को बगोदर की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि बिरनी प्रखंड की 28 पंचायतों के सभी गांवों से लगभग 15 हजार महिलाएं व पुरुष गोलबंद होकर बलिदान दिवस एवं संकल्प सभा में पहुंचेंगे।

बैठक की अध्यक्षता प्रमुख रामु बैठा ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव सह उपप्रमुख शेखर शरण दास ने किया। बैठक में भाकपा (माले) राज्य कमेटी सदस्य सह वरिष्ठ नेता सीताराम सिंह, पंसस टेक नारायण पंडित, जगदीश सिंह, राजेश विश्वकर्मा, टेकनारायण सिंह, मोइन अंसारी, इम्तियाज अली, मुशी विश्वकर्मा, रामविलास पासवान, मुस्तकीम अंसारी, श्रीराम यादव, सहदेव यादव, गोपाल पंडित, राजकिशोर रजक, इजरायल अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top