
टुंडी के मिर्जापुर में मनी शहीद लालमोहन मुर्मू की पुण्यतिथि
समाज को संगठित रहने और युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : दक्षिणी टुंडी के मिर्जापुर गांव में शहीद लालमोहन मुर्मू की 31वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी मानिक मुर्मू के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने शहीद स्मारक पर धूप जलाकर और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, झामुमो नेता रतिलाल टुडू, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश टुडू, जिप सदस्य प्रतिनिधि गुरुचरण बास्की सहित कई गणमान्य लोगों ने शहीद लालमोहन मुर्मू के योगदान को याद किया।
युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद लालमोहन मुर्मू ने हमेशा समाज को संगठित रहने और युवाओं को शिक्षा पर जोर देने की बात कही थी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शहीद के बताए हुए मार्ग पर चलें और समाज के विकास में योगदान दें।
झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन ने कहा, “शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास का आधार है। शिक्षा एक ऐसा आईना है, जिससे जीवन में निखार आता है। हमें शहीद के सपनों को साकार करने के लिए एकजुट रहना होगा।”
गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि
इस मौके पर टुंडी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता विक्रम पांडेय, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष लोलिन बास्की, मेनेजर हेम्ब्रम, बीरबल गोप, संजय मुर्मू, जीतलाल मुर्मू, मिरुलाल किस्कू, ननकु टुडू, देवान किस्कू, देवीजन मुर्मू, रामजीत टुडू, सुशील मुर्मू, श्यामलाल सोरेन, लगोनी देवी और उषा देवी समेत कई लोगों ने शहीद लालमोहन मुर्मू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के समापन पर समाजसेवी मानिक मुर्मू ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद लालमोहन मुर्मू की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने सभी से शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।