

























































बलियापुर की खबरें:-

पलानी एवं रघुनाथपुर पैक्स में क्रय की रफ्तार धीमी
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): पलानी एवं रघुनाथपुर पैक्स धान अधिप्रप्ति केंद्रों में धान क्रय की रफ्तार काफी धीमी है। जानकारी के अनुसार पलानी पैक्स में अब तक डेढ़ सौ क्विंटल धान की खरीद हो पाई है। इस संबंध में पैक्स अध्यक्ष हराधन सिंह चौधरी ने बताया कि पोस मशीन में खराबी आने के कारण क्रय की गई धान का ऑनलाइन नहीं हो पाया है। वहीं रघुनाथपुर पैक्स धान क्रय केंद्र में अब तक मात्र 15 क्विंटल धान की खरीद हो पाई है। इस संबंध में रघुनाथपुर पैक्स के प्रबंधक सुबल चंद्र महतो ने बताया कि धान में नमी अधिक होने के कारण धान की खरीद नहीं हो पा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों द्वारा खलिहान में रखें धान की फसलों की मड़ाई का कार्य अभी पूरी नहीं हो पाई है जिससे धान क्रय की रफ्तार धीमी है।
———————————-
एसएसपी से मिला ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल
बलियापुर: प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी एवं जिला परिषद सदस्य श्वेता कुमारी के नेतृत्व में शनिवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बलियापुर के रघुनाथपुर गांव में वर्ष 2023 में कचरा प्लांट निर्माण को लेकर विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में बलियापुर थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बारे में एसएसपी को अवगत कराया। कहा कि नगर निगम द्वारा रघुनाथपुर गांव में कचरा प्लांट निर्माण को लेकर वाहनों पर कचरा लेकर गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा इसका तीव्र विरोध किया गया था। नगर निगम के विरुद्ध नारेबाजी भी की गई थी ।प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को अवगत कराते हुए कहा कि रघुनाथपुर गांव के अनेक व्यक्ति बाहर मजदूरी करने गए थे, वैसे लोगों को भी मनमाने ढंग से मामले का आरोपी बना दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने गहन जांच कर गलत ढंग से आरोपी बनाए गए लोगों को आरोप मुक्त करने की मांग किया है। प्रतिनिधि मंडल में राजू महतो, विजय रजक, त्रिलोचन महतो आदि थे।



