

























































केशवारी +2 हाईस्कूल में धूमधाम से मना शताब्दी वर्ष समारोह

विधायक नागेन्द्र महतो व पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह हुए शामिल
बंगाल से आए कलाकारों ने छऊ नृत्य से मोहा मन, छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
डीजे न्यूज, सरिया(गिरिडीह) : सरिया प्रखंड के ऐतिहासिक शैक्षणिक संस्थान उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, केशवारी में विद्यालय के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षा प्रेमी एवं विद्यालय के पूर्व छात्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नागेन्द्र महतो ने कहा कि केशवारी +2 हाईस्कूल ने बीते 100 वर्षों में क्षेत्र को शिक्षित समाज देने में अहम भूमिका निभाई है। यहां से निकले विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में देश और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि यह विद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए छात्रों को अनुशासन व मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। शताब्दी समारोह के दौरान पश्चिम बंगाल से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक छऊ नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और दमदार प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। इसके साथ ही विद्यालय केछात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक तालेश्वर राम, लालजी मंडल, विंध्याचल ओझा, शैलभ दास, मनोहर यादव, संतोष कुमार, सुनील मोदी, उपेन्द्र यादव, मिथिलेश कुमार, भोला मंडल, अजय यादव, बबलू मंडल, पवन महतो, केदार मोदी, लक्ष्मण मंडल, सुरेन्द्र उपाध्याय, मनीष मंडल, खुबलाल पंडित, पिंटू यादव, महेन्द्र मंडल समेत सभी ग्रामीणों व विद्यालय परिवार की अहम भूमिका रही।



