



चासनाला में मनी बीटी रणदिवे की जयंती, मजदूर एकता का लिया संकल्प

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद) : बीसीकेयू के चासनाला शाखा कार्यालय में शुक्रवार को सीटू के संस्थापक अध्यक्ष बीटी रणदिवे की 121वीं जयंती जनशताब्दी समारोह के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनकी तस्वीर पर मुख्य अतिथि सीटू के राज्य उपाध्यक्ष सह बीसीकेयू के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुंदरलाल महतो, सीटू के राज्य सचिव योगेंद्र महतो, जितेंद्र मिश्रा एवं गोपाल लाल द्वारा माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात दो मिनट का मौन रखकर बीटी रणदिवे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए बीसीकेयू के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुंदरलाल महतो ने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी उपक्रमों और संसाधनों को निजी मालिकों को बेच रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
वहीं सीटू के राज्य सचिव योगेंद्र महतो ने केंद्र की मोदी सरकार पर नए चार श्रम कानूनों को जबरन मजदूरों पर थोपने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हक और अधिकारों को दबाने के उद्देश्य से ये कानून बनाए गए हैं, जिसे सरकार को अविलंब वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1970 में बीटी रणदिवे ने सीटू की स्थापना की थी और आंदोलनों के माध्यम से मजदूरों को उनका अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
इस अवसर पर अरुण कुमार, अखिलेश साहू, महावीर दास, संजीव महतो, कंचन महतो, रजप अंसारी, पोदो रजक, गुहिराम महथा, बटुक महतो, संजय महतो सहित सैकड़ों मजदूर मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मजदूर एकता और संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
