


राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड निष्पादन, 78 हजार से अधिक मामलों का समाधान, नौ करोड़ से ज्यादा की राजस्व प्राप्ति

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय लोक अदालत का ऑनलाइन उद्घाटन माननीय उच्च न्यायालय झारखंड, रांची के माननीय मुख्य न्यायाधीश के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान वाहन दुर्घटना वाद के पीड़ितों को 46 लाख रुपये से अधिक की चेक राशि भी प्रदान की गई।
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह मार्तंड प्रताप मिश्रा, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री धनंजय कुमार एवं अन्य न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2025 की यह चतुर्थ एवं अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत आमजनों और पक्षकारों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से सुलहनीय आपराधिक, सिविल, बैंक, मोटर दुर्घटना, बिजली, वन विभाग, उत्पाद, माप-तौल, खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों का निष्पादन होने से पक्षकारों को शीघ्र राहत मिलती है और न्यायालयों का बोझ भी कम होता है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराकर लाभ उठाएं। साथ ही समाज में शांति, सौहार्द और अमन बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन सचिव (प्रभार) जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह शरद निशिकांत कुजूर ने किया।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए गिरिडीह न्यायमंडल द्वारा पूर्व से व्यापक तैयारी की गई थी। संबंधित न्यायालयों द्वारा मामलों को चिन्हित कर पक्षकारों को नोटिस के माध्यम से सूचना दी गई। अध्यक्ष महोदय के निर्देश पर कुल 13 पीठों का गठन किया गया, जिनके माध्यम से मामलों का निष्पादन किया गया।
आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 72,380 प्री-लिटिगेशन मामले एवं 5,878 लंबित मामलों का निष्पादन किया गया, जिससे कुल 9 करोड़ 01 लाख 32 हजार 760 रुपये की राशि संबंधित पक्षकारों एवं विभिन्न विभागों को राजस्व के रूप में प्राप्त हुई। साथ ही जिला प्रशासन और कार्यपालिका के सहयोग से लाभुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में गिरिडीह न्यायमंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मचारी, पारा लीगल वालंटियर्स, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित थे। राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता में सभी की सराहनीय भूमिका रही।
