



पीरटांड़ के सहायक अध्यापक दो साल बाद फिर होंगे एकजुट, संगठन गठन की शुरूआत

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : लगभग दो वर्ष बाद एक बार फिर पीरटांड़ के सहायक अध्यापक एकजुट होने की तैयारी में हैं। अब पीरटांड़ सहायक अध्यापकों का अपना संगठन बनाया जाएगा। इसी उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर बीआरसी प्रांगण में सहायक अध्यापकों की बैठक हुई।
बीते विधानसभा चुनाव में सहायक अध्यापक संघ के नेताओं के रवैये को लेकर स्थानीय सहायक अध्यापक नाखुश दिखे। बैठक में नेताओं के प्रति नाराज़गी व्यक्त की गई और निर्णय लिया गया कि उन्हें पीरटांड़ के व्हाट्सऐप समूह से बाहर किया जाएगा। बैठक में वनभोज के बहाने संघ का पुनर्गठन करने, मंत्री सुदिव्य कुमार को बुलाकर अपनी मांगें मुख्यमंत्री तक पहुंचाने, कोष जमा करने तथा बैठकों में भाग नहीं लेने वाले सहायक अध्यापकों से कारण पूछने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सरकार से अपनी मांगें मनवाने के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी सहमति बनी। संघ के प्रमोद सिंह, महेश्वर मुर्मू, अभय उपाध्याय ने कहा कि संघ में फूट का ही परिणाम है कि सरकार सहायक अध्यापकों की मांगों को अनदेखा कर रही है। उनका कहना था कि अब पूरे प्रदेश में एक मजबूत संघ का गठन जरूरी हो गया है, ताकि सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखी जा सके। मौके पर अरुण मंडल, विश्वनाथ महतो, रविरंजन सिन्हा, दिनेश बरनवाल, बबन सिंह, लक्ष्मण सिंह समेत कई सहायक अध्यापक उपस्थित थे।
