


सड़क हादसे में टुंडी के आजसू नेता की मौत 

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी प्रखंड के लछुरायडीह अंतर्गत कोटालडीह के 36 वर्षीय युवक व आजसू नेता दुलाल प्रमाणिक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह आजसू पार्टी के किसान मोर्चा टुंडी प्रखंड अध्यक्ष थे। वह बुधवार की रात करीब नौ बजे ढेकजोरा से अपने घर कोटालडीह लौट रहे थे। इस क्रम में वह हादसे का शिकार हो गए। करीब एक घंटा बाद स्थानीय लोगों ने उसे पहचान लिया और उसके गाँव के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण वहां पहुंचे और उसे जख्मी आजसू नेता को एम्बुलेंस से एसएनएमएमसीएच धनबाद ले गए। जहाँ से डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनके सिर पर गंभीर चोटें आई थी। इधर पोस्टमार्टम कराकर गुरुवार को दोपहर एंबुलेंस से उनका शव पैतृक गांव लाया गया। परिजनों के करूण-क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया। वे अपने पीछे पत्नी, बेटी रीतिका कुमारी (13) एवं बेटा रौनक प्रामाणिक (9) को छोड़ चल बसे। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम पसर गया है। उनके अंतिम संस्कार में कई नेता और समर्थक शामिल हुए। आजसू नेता भास्कर ओझा, दिनेश राय, रामचन्द्र राणा, मिथुन मंडल, कालेश्वर बास्की, विवेकानंद तुरी, दुलाल दे, सुकराम मुर्मू समेत बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे।
