

























































बाबूलाल मरांडी के प्रयास से मृतक प्रवासी मजदूर का शव सूरत से तिसरी लाया गया

शव के गांव पहुंचते ही दहाड़ मारकर रोने लगे परिजन, पूरे गांव में पसरा मातम
डीजे न्यूज, तिसरी(धनबाद) : तिसरी प्रखंड के तीसरो गांव के प्रवासी मजदूर सुखदेव राय का शव गुजरात से गुरुवार की देर रात गांव लाया गया। सुखदेव राय का शव गांव पहुंचते ही उनकी मां व अन्य परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। पूरे गांव में मातम पसर गया। शव गांव पहुंचने की जानकारी मिलने पर भाजपा के चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव, मनसाडीह के समाज सेवी अनासियस हेंब्रम, मुखिया पुत्र लक्खीराम हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में गांव के लोग शुक्रवार की सुबह मृतक के घर पहुंचे और इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया। मालूम हो कि 36 वर्षीय प्रवासी मजदूर सुखदेव राय पिछले कई सालों से गुजरात के सूरत में मजदूरी करते थे। परिजनों के अनुसार, एक साल पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। इसी गम में वह अत्यधिक शराब का सेवन करने लगे थे जिसके कारण उनका लिवर खराब हो गया था। वह गुजरात में ही काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन सुखदेव के शव को घर लाना चाह रहे थे किंतु इलाज में सारा पैसा खत्म हो गया था। कोई उपाय दिखाई नहीं दे रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साव और समाज सेवी अनासियस हेंब्रम ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से सुखदेव का शव गांव लाने के लिए व्यवस्था कराने की अपील की। फिर बाबूलाल मरांडी द्वारा फौरन एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई गई जिससे सुखदेव के शव को गांव लाया गया।



