
पूर्वी टुंडी में झामुमो पंचायत समिति गठन को लेकर दो गुटों में बंटे कार्यकर्ता
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पंचायत समिति गठन को लेकर पूर्वी टुंडी प्रखंड के चुरूरिया पंचायत में विवाद उभर कर सामने आया है। समिति गठन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता दो गुटों में बंटे हुए नजर आए। एक गुट ने प्रभारी एवं संयोजक पर मनमानी कर अपनी पसंद के लोगों को पद देने का आरोप लगाया।
बीस सूत्री उपाध्यक्ष ने जताया विरोध
प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष प्रभु हेम्ब्रम ने बताया कि शनिवार को चुरूरिया पंचायत समिति के गठन के लिए पंचायत सचिवालय में बैठक निर्धारित थी। लेकिन पार्टी के कुछ सदस्यों ने सुंदर पहाड़ी के पास अलग बैठक कर समिति का गठन कर लिया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया है और इस मामले की शिकायत विधायक से की जाएगी।
आरोप : मनमानी कर गठित की गई समिति
चुरूरिया की बैठक में मौजूद साहबान अंसारी ने आरोप लगाया कि दूसरे गुट के लोग अपने पसंद के लोगों को पद दिलाने के लिए पार्टी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समिति गठन में सभी कार्यकर्ताओं को शामिल किए बिना एकतरफा फैसला लिया गया है, जिसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
विरोध करने वालों में सहदेव मुर्मू, साहेबराम बास्की, सनातन हेम्ब्रम, महावीर मुर्मू और सिद्दीकी अंसारी सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।
प्रखंड अध्यक्ष ने किया विरोध से इनकार
दूसरी ओर, सुंदर पहाड़ी में बैठक कर समिति गठित करने वाले प्रभारी सदस्यों ने कहा कि पंचायत समिति का गठन संयोजक मंडल के निर्देश पर किया गया है। इस मामले पर प्रखंड अध्यक्ष गिरीलाल किस्कू ने कहा कि समिति का गठन नियमों के अनुसार किया गया है और विरोध जैसी कोई बात नहीं है।
विवाद के बाद बढ़ा राजनीतिक तापमान
इस विवाद के बाद झामुमो के पंचायत समिति गठन को लेकर पार्टी में खींचतान तेज हो गई है। दोनों गुट अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए हैं। वहीं, इस विवाद को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।