धनबाद की महिला थी देवघर लूटकांड की मास्टरमाइंड

Advertisements

धनबाद की महिला थी देवघर लूटकांड की मास्टरमाइंड

पुलिस ने चार अपराधियों को किया गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
डीजे न्यूज, देवघर : देवघर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची। शंख मोड़ के पास स्कॉर्पियो रोककर लूट को अंजाम देने वाली इस महिला की पहचान सीमा कुमारी के रूप में हुई है। देवघर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटे गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।
देवघर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज कांड संख्या 504/25, दिनांक 5 नवंबर 2025 के इस लूटकांड ने पुलिस को भी हैरान कर दिया था। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सीमा कुमारी ने ही अपने गिरोह के साथियों के साथ लूट की पूरी योजना तैयार की थी। उसने शंख मोड़ के पास वादी की स्कॉर्पियो को रुकवाया और मौके पर मौजूद तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया।
छापामारी टीम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार ने किया। टीम में ओम शरण, सुमंत प्रसाद, दिलीप मुंडा, और सशस्त्र बल के जवान परमानंद दास, मनोज कुमार राय, संगीता कुमारी व जुही कुमारी शामिल थे। पुलिस ने दबिश देकर चारों अभियुक्तों —
राजा चौधरी उर्फ राजू महथा (बरमसिया)
मनीष कुमार (सलौनाटांड)
सुभम पोद्यार (एसबीआई ट्रेनिंग सेंटर, सलौनाटांड)
सीमा कुमारी (मूल निवासी धनबाद, वर्तमान देवघर) — को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने लूटे गए तीनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि “महिला की भूमिका इस लूटकांड में केंद्रीय रही है। उसने पूरी साजिश रची और बाकी अभियुक्तों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया।” उन्होंने कहा कि इस मामले से साफ है कि अब अपराध के तरीके भी बदल रहे हैं, लेकिन पुलिस हर स्थिति में सतर्क है।
देवघर पुलिस अधीक्षक ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए टीम की सराहना की और कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में खौफ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top