



























































भालपहाड़ी बाँध परियोजना को नई दिशा- अन्नपूर्णा देवी की पहल से केंद्र में शुरू हुई प्रक्रिया

झारखंड के तीन जिलों को मिलेगा विकास का संबल
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
झारखंड की बहुप्रतीक्षित भालपहाड़ी बाँध परियोजना को लेकर अब उम्मीदों की नई किरण जगी है। कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के हस्तक्षेप से केंद्र सरकार इस परियोजना को लेकर सक्रिय हो गई है।
यह परियोजना गांडेय विधानसभा क्षेत्र में स्थित है और धनबाद, गिरिडीह तथा जामताड़ा जिलों के लिए जीवनरेखा मानी जाती है। इससे क्षेत्र में 55 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा, लाखों लोगों को पेयजल आपूर्ति और औद्योगिक इकाइयों को जल संसाधन उपलब्ध होने की संभावना है।
गिरिडीह के समाजसेवी एवं भाजपा के कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार जालान ने परियोजना की महत्ता बताते हुए अन्नपूर्णा देवी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि इस योजना को केंद्र की प्राथमिकता में शामिल किया जाए।
उनकी पहल पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने 10 सितंबर को जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल को पत्र लिखकर परियोजना के शीघ्र निर्माण हेतु कदम उठाने की मांग की।
अन्नपूर्णा देवी के अनुरोध पर 30 अक्टूबर 2025 को जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने उत्तर देते हुए बताया कि दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) द्वारा परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है, जिसमें जलाशय सिमुलेशन अध्ययन भी शामिल है।
डीपीआर प्राप्त होने के बाद केंद्रीय जल आयोग द्वारा इसका तकनीकी और आर्थिक मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि परियोजना के क्रियान्वयन के लिए झारखंड, पश्चिम बंगाल और डीवीसी के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।
इस विकास के बाद स्थानीय जनता में खुशी की लहर है। लोग आशावान हैं कि वर्षों से अधर में पड़ी यह परियोजना अब साकार रूप लेगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक जीवन में बड़ा परिवर्तन लाएगी।
भालपहाड़ी बाँध परियोजना के शुरू होने से तीनों जिलों में सिंचाई, पेयजल, बिजली उत्पादन और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
अन्नपूर्णा देवी की पहल ने जनता की दशकों पुरानी मांग को केंद्र तक पहुंचाकर झारखंड के विकास का नया अध्याय शुरू कर दिया है।



