





अच्छी फसल से गूंजे खेत-खलिहान, डुमरी के किसानों में लौटी खुशहाली

डीजे न्यूज, निमियाघाट (गिरिडीह) : डुमरी प्रखंड में धान की कटाई का दौर शुरू हो चुका है। छठ पर्व संपन्न होने के बाद अब किसान पूरी तरह से कृषि कार्य में जुट गए हैं। जिन किसानों ने समय पर रोपाई की थी, उनकी फसल दीपावली से पूर्व ही तैयार हो गई थी, जबकि कुछ खेतों में कटाई का कार्य अब जोरों पर है।
ज्यादातर खेतों में सुनहरी बालियाँ लहराती दिख रही हैं, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसान मजदूरों की मदद से धान काटने और खलिहान में सुखाने के काम में व्यस्त हैं। ग्राम सिमराडीह के किसान सहदेव महतो, फलजीत महतो, दुधपनिया के बुधन महतो, लक्ष्मण टुंडा के बैजनाथ महतो और रामकुमार महतो सहित कई किसानों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से मौसम की मार के कारण फसल उत्पादन प्रभावित हो रहा था, लेकिन इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने से धान की अच्छी पैदावार हुई है।
किसानों का कहना है कि खेती ही उनकी मुख्य जीविका है, इसलिए फसल अच्छी होने पर ही वे पर्व-त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना पाते हैं। इस वर्ष की अच्छी पैदावार ने उन्हें नई ऊर्जा और उम्मीद दी है।
वहीं विभागीय सूत्रों के अनुसार, सरकार जल्द ही धान खरीद प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसके लिए हर साल की तरह इस बार भी तैयारी पूरी कर ली गई है। किसानों को पहले धान क्रय केंद्र में पंजीकरण कराना होगा, जिसके बाद धान की गुणवत्ता जांच कर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में भेजी जाएगी।
अच्छी उपज के कारण अब डुमरी प्रखंड के खेत-खलिहान फिर से रौनक से भर उठे हैं और किसानों में एक बार फिर खुशहाली की लहर दौड़ पड़ी है।
