





इसरी बाजार में बुढ़िया नदी पुल के नीचे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप

डीजे न्यूज, निमियाघाट (गिरिडीह) : इसरी बाजार स्थित बुढ़िया नदी के पुल के नीचे शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पुल के नीचे कूड़े के ढेर के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
द घटना सुबह लगभग 6 बजे की बताई जा रही है, जब पुल से गुजर रहे लोगों की नजर नीचे पड़ी तो उन्होंने कूड़े के ढेर के पास एक व्यक्ति को मृत अवस्था में देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव की पहचान करने की कोशिश की, परंतु खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक की स्थिति देखकर संदेह होता है कि उसकी हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो सकता है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति नशे की हालत में पुल से गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
बीच बाजार में शव मिलने की घटना से लोगों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
