





दुमका में भाजपा ने मनाया भव्य उत्सव, राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंजा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर

वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे
डीजे न्यूज, दुमका : “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी, दुमका जिला इकाई ने शहर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में भव्य उत्सव का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष गौरवकांत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में “मां भारती के प्रति अटूट समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना” का अद्भुत समागम देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद मौजूद रहे। मंच पर प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू, अनुज आर्या, कार्यक्रम प्रभारी पवन केसरी, संयोजक धर्मेंद्र सिंह, सह संयोजक मार्शल ऋषिराज टुडू और नीतू झा भी उपस्थित थे।

राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” का सामूहिक गायन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अंजुला मुर्मू के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान परिसर “वंदे मातरम” के जयघोष से गूंज उठा और पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
मुख्य अतिथि अभयकांत प्रसाद ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल गीत नहीं, भारत की आत्मा का स्वर है। उन्होंने बताया कि 1923 में जब कांग्रेस का अधिवेशन चल रहा था, तब तत्कालीन अध्यक्ष मोहम्मद अली ने इसके गायन का विरोध किया था। बाद में 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति ने निर्णय लिया कि गीत की केवल पहली चार पंक्तियाँ ही गाई जाएंगी। यह प्रसंग इस बात का प्रमाण है कि वंदे मातरम विरोध के बावजूद आज भी राष्ट्रभक्ति का सबसे प्रबल प्रतीक है।
सुरेश मुर्मू ने कहा कि वंदे मातरम ने आज़ादी की लड़ाई के समय देशभक्तों के भीतर जोश और बलिदान की भावना भरी। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे स्वतंत्रता संग्राम के ऊर्जा स्रोत बने।
वहीं डॉ. अंजुला मुर्मू ने कहा कि इस गीत का हर शब्द मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और समर्पण का भाव जगाता है।
जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने कहा कि वंदे मातरम हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, सांस्कृतिक एकता और मातृभूमि के प्रति निष्ठा का प्रतीक है, और भाजपा इस परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को “वंदे मातरम” के इतिहास और राष्ट्रीय महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया, जिससे नई पीढ़ी में देशभक्ति और गर्व की भावना को और बल मिला।
जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू ने बताया कि कार्यक्रम में विवेकानंद राय, श्रीधर दास, दिनेश सिंह, अजय गुप्ता, मृणाल मिश्रा, ओम केसरी, ऋषिकेश गुप्ता, अमन राज, रामकृष्ण हेंब्रम, मुरलीधर मंडल, अजय सिंह, अभिजीत सुमन, गायत्री जायसवाल, प्रधानाचार्य कुमार विमलेश, रमाकांत मौर्य, विकास मिश्रा, आलोक रंजन, अभिषेक कुमार, प्रदीप कुमार, अमर कुमार, संतोष कुमार, श्वेता सिंह, कविता कुमारी, अंजनी कुमारी, प्रिया कुमारी, प्रीति कुमारी, अरविंद दुबे, चैताली कुमारी, जगतनारायण राय, श्याम साह, राजेश यादव, धनश्याम पंडित, संतोष साह, सुबोध मंडल, कुंदन देवी, जयश्री देवी, बैद्यनाथ भंडारी समेत अनेक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए।




