







हुसैनाबाद विद्यालय में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पर बच्चों ने गूंजाया राष्ट्रभक्ति का स्वर

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद, पलामू : राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद के प्रांगण में शुक्रवार को प्रार्थना सभा का आयोजन विशेष देशभक्ति माहौल में किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विद्यालय की शिक्षिका सुषमा पांडेय के नेतृत्व में शिक्षक व विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गीत गाकर भारत माता को नमन किया।
गीत गाए जाने से पूर्व शिक्षिका सुषमा पांडेय ने विद्यार्थियों को बताया कि ‘वंदे मातरम’ बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा संस्कृत और बंगला मिश्रित भाषा में रचित गीत है, जो 1882 में उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ में प्रकाशित हुआ था। इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊंचाई दी। उन्होंने कहा कि 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने इसे पहली बार कांग्रेस अधिवेशन में गाया था।
शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को यह भी जानकारी दी कि 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा ने “वंदे मातरम” को राष्ट्रीय गीत के रूप में स्वीकार किया था और इसे गाने की अवधि 65 सेकंड निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में “वंदे मातरम” की गूंज से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। प्रार्थना सत्र में प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, राजेश कुमार गुप्ता, मुहम्मद जुबैर अंसारी, राजेश कुमार सिंहा, कंप्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता, शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी एवं बीएड प्रशिक्षु उपस्थित थे।




