





जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें अधिकारी : नागेंद्र महतो

बगोदर में विधायक ने लगाया जनता दरबार, कई मामलों का ऑन स्पॉट समाधान
डीजे न्यूज, बगोदर, गिरिडीह : आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से बगोदर विधायक सह विधानसभा में सचेतक नागेन्द्र महतो ने बगोदर प्रखंड मुख्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया।
इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जनता दरबार में 50 से अधिक मामलों को विधायक के संज्ञान में लाया गया, जिनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, आवास, सड़क, बिजली, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएँ शामिल थीं।
विधायक नागेन्द्र महतो ने कई मामलों का स्थल पर ही त्वरित समाधान किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों बीडीओ निशा कुमारी और सीओ प्रवीण कुमार को शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
विधायक ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य है कि “लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।” उन्होंने अधिकारियों को भी जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में उपस्थित लोगों ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है।
कार्यक्रम में प्रमुख आशा राज, बीडीओ निशा कुमारी, सीओ प्रवीण कुमार, भाजपा नेता राजू सिंह, सुखदेव राणा, सुदीप जायसवाल, जीबलाल महतो, दिलीप साहू, सोनू सिंह, गोल्डेन जायसवाल, धनंजय सिंह, सुरेश मंडल, प्रवीण जायसवाल, रघु सोनी समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
